गर्मी में नहीं कटेगी बिजली! ऊर्जा मंत्री अनिल विज का सख्त निर्देश— 'जीरो ब्रेकडाउन' के लिए अभी से रहें तैयार

Edited By Isha, Updated: 10 Apr, 2026 06:50 PM

no power cuts this summer energy minister anil vij issues strict instructions

गर्मी और मौसम की चुनौती के कारण पैदा होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए  हरियाणा बिजली निगमों के अफसरों को तैयारी रखने का निर्देश विभाग के मंत्री अनिल विज ने दिया है। हर साल की तरह इस बार भी गर्मी के दिनों

चंडीगढ़(चन्द्र शेखर धरणी ):  गर्मी और मौसम की चुनौती के कारण पैदा होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए  हरियाणा बिजली निगमों के अफसरों को तैयारी रखने का निर्देश विभाग के मंत्री अनिल विज ने दिया है। हर साल की तरह इस बार भी गर्मी के दिनों और भारी बारिश, आंधी तूफान जैसे चुनौतीपूर्ण मौसम से निपटने के लिए मंत्री विज ने अभी से तैयार रहने के आदेश दिए हैं।

बुधवार को अपने मंत्रालय (कार्यालय) में बिजली निगमों की चेयरमैन और वरिष्ठ आईएएस श्रीमती आशिमा बराड़ और अन्य अफसरों के साथ में ऊर्जा मंत्री ने  विस्तार से चर्चा की है। विज ने भयंकर गर्मी के दिनों में भी बिजली आपूर्ति को नियमित रखने के लिए तैयारी की समीक्षा की और कहा कि  इसके लिए ज्यादा तैयारी की जरूरत है। 

मंत्री ने दोनों कंपनियों दक्षिण और उत्तरी हरियाणा को लेकर विस्तार से चर्चा की और पिछले वर्षों में उठाए गए कदमों की याद दिलाई। उन्होंने उत्तरी और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अफसरों को लेकर जल्द ही एक और बैठक बुलाने के संकेत दे दिए हैं। ऊर्जा मंत्री ने साफ कर दिया है कि गर्मी के दिनों में पर्याप्त बिजली आपूर्ति को लेकर अधिकारी तैयारी के साथ बैठक में आए उन्हें एजेंडा साफ होना चाहिए। इस पर चेयरमैन श्रीमती आशिमा बराड़ ने आश्वस्त किया कि वे पहले ही इस तरह के दिशा निर्देश जारी कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि सभी अधिकारियों को अलर्ट रहने और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश हैं।

पिछले अनुभवों से काम करने और कंट्रोल रूम बनाने पर जोर
मंत्री ने बिजली निगमों की ओर से आने वाले समय में कंट्रोल रूम स्थापित करने के साथ ही आपात  हालात में अतिरिक्त सामान की व्यवस्था करने को कहा है।  प्रदेश स्तर पर भी  एक केंद्रीकृत कंट्रोल रूम 24/7 आधार पर स्थापित करने को कहा है, ताकि आपूर्ति की रियल-टाइम मॉनिटरिंग हो सके। कंट्रोल रूम फीडर स्तर पर सप्लाई के हालात , ट्रिपिंग और ब्रेकडाउन पर नजर रखेगा। आउटेज और बहाली का पूरा रिकॉर्ड भी तैयार करेगा। 

खराब प्रदर्शन करने पर भी रहेगी नजर
खराब प्रदर्शन करने वाले फीडरों की पहचान करने और इन्हें चिन्हित करने के लिए कहा गया है। खासतौर पर 11 केवी के फीडर जिनमें माह में 20 और उससे अधिक ब्रेकडाउन के मामले सामने आएं। 33 केवी के फीडरों में 5 या उससे अधिक ब्रेकडाउन होने पर विशेष समीक्षा की जाएगी। अधिक मांग के दौरान डायनेमिक लोड मैनेजमेंट लागू करने और जरूरत के हिसाब से लोड शेडिंग की जाएगी। आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त स्टॉक और त्वरित प्रतिक्रिया टीमें तैनात रखने के निर्देश दिए हैं। बिजली कटौती की सूचना एसएमएस, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के माध्यम से देने के निर्देश भी दिए हैं। 

जल्द मैराथन बैठक, विस्तार से होगी समीक्षा
हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने साफ कर दिया है कि जल्द ही वे अहम बैठक लेंगे। जिसमें सिलसिलेवार समीक्षा होगी, इसके लिए मंत्री ने अफसरों को तैयारी करके आने का निर्देश जारी कर दिया है। मंत्री विज ने इस बैठक को लेकर संकेत साफ कर दिए हैं।

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!