Edited By Isha, Updated: 07 Feb, 2025 01:49 PM
हिमाचल पुलिस की ओर से हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और सिंगर रॉकी मित्तल को रेप केस में क्लीन चिट मिलने की खबरों के बाद रॉकी मित्तल ने पूरे मामले का खुलासा किया है।
चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): हिमाचल पुलिस की ओर से हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और सिंगर रॉकी मित्तल को रेप केस में क्लीन चिट मिलने की खबरों के बाद रॉकी मित्तल ने पूरे मामले का खुलासा किया है। रॉकी ने इस पूरे को बीजेपी के एक नेता की साजिश बताते हुए आने वाले समय में कईं और बड़ी खुलासे होने का भी दावा किया। हरियाणा या फिर कहें कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति में भूचाल लाने वाले कसौली रेप केस के पीछे का मास्टर माइंड कौन था ? आखिर बीजेपी के किस नेता ने इतनी बड़ी साजिश रची ? इन सब सवालों का रॉकी मित्तल ने विस्तार से खुलासा किया।
ऐसे हुई मामले की शुरूआत
रॉकी मित्तल ने बताया कि बीते साल 1 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के लघु उद्योग के संयोजक अमित बिंदल ने उनसे मुलाकात कर उन्हें मोहन लाल बड़ौली को समझाने के लिए कहते हुए अपने लिए टिकट दिलाने को कहा। उनकी ओर से इस बारे में मना किए जाने पर 9 सितंबर को 2 लड़कियां, एक लड़का उनके पास आए, उस समय अमित बिंदल कार में ही मौजूद था। उन लोगों ने उन्हें मोहन लाल बड़ौली से मीटिंग करवाने के लिए कहा। ऐसा नहीं करने पर उन्होंने रॉकी को गेहं के घून की तरह पीस देने की भी बात कही। इसके बाद 10 सितंबर को उनके पास 5-6 कॉल आई। इसे लेकर रॉकी ने पुलिस को भी फोन किया था। 18 सितंबर को फिर से उन्हें कॉल आई। इसे लेकर जब वह थाने पहुंचे तो वह लड़कियां उनके घर पर पहंच गई। इस बारे में पुलिस को शिकायत दी तो पुलिस के वहां पहुंचने से पहले ही वह लड़कियां वहां से फरार हो गई। इस पर उन लड़कियों ने लिखकर समझौते की बात कही। इसके बाद वह ब्लैकमेलिंग करने लगे। बीजेपी के नेता ने उन्हें (रॉकी मित्तल) को मामले से पीछे हटने और सरकारी गवाह बनने को कहा।
अमित बिंदल की पत्नी थी आरोपी महिला
रॉकी मित्तल ने खुलासा किया कि दोनों महिलाओं में से एक महिला अमित बिंदल की पत्नी थी, जो उन्हें गोवा में भी मिली थी। इन लोगों ने उनसे 50 लाख रुपए की मांग की। रॉकी ने खुलासा किया की पहले यह लोग अकेले मोहन बड़ौली को फंसाना चाहते थे। उन्हें (रॉकी) को मामले में इसलिए फंसाया गया कि वह उनके पक्ष में गवाही देंगे। रॉकी ने बताया कि उन्हें शायद यह नहीं पता था कि होटल में वह और बड़ोली केवल 2 नहीं, बल्कि 4 लोग थे। उन्होंने बताया कि वह लोग पहले दोस्त बनकर उनके जाने वाले स्थान का पता करते हैं। इसके बाद वह खुद भी उसी स्थान के 30 मीटर के दायरे में पहुंच जाते हैं, जिससे उनकी लोकेशन आपस में मिल सके। इससे पहले भी इन लोगों ने कईं लोगों के साथ ठगी की है।
बिंदल ने जेजेपी की टिकट पर लड़ा था चुनाव
रॉकी मित्तल ने बताया कि 21 जनवरी को फिर से उनके पास तीन बार फोन आया। 22 जनवरी की सुबह भी उनके पास फोन आया और पैसों की मांग की गई। इसके बाद आरोप लगाने वाली महिला ने दिल्ली, सोनीपत, रोहतक और करनाल में प्रदर्शन किया। रॉकी ने खुलासा किया कि अमित बिंदल जेजेपी की टिकट पर चुनाव भी लड़ चुका है। उससे पहले वह तिहाड़ जेल भी जा चुका है।
बड़ौली की कुर्सी हथियाने का था प्लान
रॉकी मित्तल ने खुलासा किया की यह सब कुछ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली की कुर्सी हथियाने के लिए रची गई साजिश थी। यह भाजपा नेताओं की आपसी लड़ाई का परिणाम था। उनके पास इस मामले से संबंधित 5 रिकॉर्डिंग, स्क्रिन शॉट और कॉल डिटेल थी, जो उन्होंने पुलिस को दे दी हैं।
डिलीट करेंगे मनोहर लाल के खिलाफ बनाए गाने
रॉकी मित्तल ने बताया कि इस प्रकरण के बाद उन्हें भी यह समझ आ गया है कि उन्हें भी भाजपा के नेताओं ने आपसी रंजिश का शिकार बनाया था। इसलिए पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के खिलाफ गाए तीन गानों को भी वह जल्दी डिलीट कर देंगे, क्योंकि उनके साथ भी राजनीति का खेल खेला जा रहा था। रॉकी ने बताया कि उनकी पार्टी के ही कुछ नेताओं ने उन्हें मजबूर किया था, जो खुद फंडिंग करने की भी बात करते थे। उन लोगों की ओर से उन्हें भड़काया गया था।
अभी भी भाजपा में कईं लोग
रॉकी मित्तल ने मोहन लाल बड़ौली और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अपील की कि किसी भी व्यक्ति को पार्टी में शामिल कराने से पहले उनके बारे में जानकारी लेने और चरित्र चैक करने ही उन्हें शामिल करवाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आज भी भाजपा में इस प्रकार से हनीट्रैप करने वाले कईं लोग शामिल हैं।
यह था मामला
13 दिसंबर को एक महिला ने हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन बड़ोली और गायक रॉकी मित्तल पर गैंगरेप का मामला दर्ज करवाया था। उसने कसौली के एक होटल में गैंगरेप होने की बात कही थी, जिसके बाद मामला चर्चा में आया। महिला ने वर्ष 2023 में गैंगरेप की बात कही थी।
पुलिस ने खारिज किया केस
हिमाचल प्रदेश के कसौली में दोनों के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म के मामले को पुलिस ने खारिज कर दिया है। हिमाचल पुलिस का कहना है कि कथित पीड़िता और गवाह के बयान आपस में विरोधाभासी थे। इसके अलावा बडोली और रॉकी के खिलाफ कोई सबूत नहीं मिले। साथ ही शिकायतकर्ता महिला ने मेडिकल परीक्षण कराने से इनकार कर दिया था। इसके अलावा होटल से ऐसा कोई सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला, जिससे उसके दावे को सत्यापित किया जा सके। इसके बाद पुलिस की ओर से मामला क्लोज करने की रिपोर्ट फाइल कर दी गई है।
बिंदल और महिला गिरफ्तार
पंचकूला में सिंगर रॉकी मित्तल की शिकायत पर पुलिस ने शिकायतकर्ता महिला और उसके साथियों के खिलाफ हनीट्रैप का मामला दर्ज करवाया था, जिसके बाद पुलिस ने अमित बिदंल और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।