Edited By Krishan Rana, Updated: 31 Mar, 2026 05:27 PM

फरीदाबाद में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक मर्सिडीज कार ने
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां एक मर्सिडीज कार ने 28 वर्षीय डिलीवरी बॉय की जान ले ली। मृतक की पहचान आनंद राज बिंद के रूप में हुई है, जो ज़ोमैटो में काम करता था। हादसे के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया था और दिल्ली के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार, आनंद राज बिंद उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर का रहने वाला था और पिछले कई सालों से फरीदाबाद के गांव भतौला में चंदीला चौक के पास किराये पर रह रहा था। 29 मार्च की रात करीब 2 बजे सेक्टर-15 स्थित फायर ब्रिगेड ऑफिस के सामने रेड लाइट पर एक तेज रफ्तार सफेद मर्सिडीज ने उसकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक समेत दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान भी देरी हुई। उन्हें पहले दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां भर्ती नहीं किया गया। इसके बाद सुबह 4 बजे सफदरजंग अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां सीटी स्कैन मशीन बंद होने की बात कही गई। अंततः उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सेंट्रल थाना पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्सिडीज कार को कब्जे में ले लिया है, जो एक कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)