Edited By Manisha rana, Updated: 08 Mar, 2026 11:06 AM

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ मुलाकात की। कटारिया पंजाब में संवैधानिक पद पर हैं इसके बावजूद यह मुलाकात राजनीति के गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
चंडीगढ़ (धरणी) : पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ मुलाकात की। कटारिया पंजाब में संवैधानिक पद पर हैं इसके बावजूद यह मुलाकात राजनीति के गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। इन दिनों पंजाब व हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है। हरियाणा का बजट आ चुका है और पंजाब का बजट रविवार को पेश होगा, जिसमें महिलाओं को एक-एक हजार रुपये सम्मान भत्ता दिया जाएगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री पिछले कुछ महीने से पंजाब में सक्रिय हैं और वहां की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी नायब सैनी का विरोध कर रही है। वहीं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया पंजाब में नशों के विरूद्ध अभियान चलाए हुए हैं। कटारिया पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करके लोगों को नशों के विरूद्ध जागरूक कर रहे हैं। दोनों राज्यों की राजनीति इन दिनों गरमाई हुई है।
ऐसे में शुक्रवार की रात पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात करने के लिए पहुंचे। इस मुलाकात के दौरान बंद कमरे में हुई बातचीत का असल ब्यौरा बाहर नहीं आया है। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि संतकबीर कुटीर (मुख्यमंत्री आवास), चंडीगढ़ में पंजाब के माननीय राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया जी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विभिन्न समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री की इस पोस्ट के बाद चर्चाओं का दौर जारी है।