Edited By Harman, Updated: 21 Sep, 2026 10:47 AM

हिसार के बरवाला में बरवाला-जींद मार्ग पर खरक पूनिया नहर के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गणपति विसर्जन से बाइक पर लौट रहे तीन युवकों को सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी।
हिसार (विनोद सैनी) : हिसार के बरवाला में बरवाला-जींद मार्ग पर खरक पूनिया नहर के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गणपति विसर्जन से बाइक पर लौट रहे तीन युवकों को सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर-3 निवासी 17 वर्षीय वंश, मोहित और ईशु गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने खरक पूनिया नहर गए थे। विसर्जन के बाद तीनों बाइक से बरवाला लौट रहे थे। इसी दौरान पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वंश और मोहित की मौत हो गई, जबकि ईशु गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घायल ईशु को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शव कब्जे में लेकर जांच शुरू की। हादसे के चलते मार्ग पर जाम भी लग गया, जिसे पुलिस ने खुलवाया।
शहर में गणेश उत्सव के तहत रविवार को विभिन्न समितियों की ओर से शोभायात्रा निकाली गई थी। श्रद्धालु गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन के लिए खरक पूनिया नहर लेकर गए थे। विसर्जन के बाद लौटते समय हुए इस हादसे से बरवाला शहर और बधावड़ गांव में शोक की लहर दौड़ गई।