Edited By Krishan Rana, Updated: 23 Feb, 2026 02:36 PM

हरियाणा के पानीपत जिले में स्थित प्रतिष्ठित गीता यूनिवर्सिटी में रविवार की रात कैफे में भीषण हादसा हो
पानीपत (सचिन शर्मा) : हरियाणा के पानीपत जिले में स्थित प्रतिष्ठित गीता यूनिवर्सिटी में रविवार की रात कैफे में भीषण आग लग गई। इस घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे में कैफे के 3 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि दर्जनों छात्र-छात्राओं ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि कैफे की छत और भारी साजो-सामान के टुकड़े हवा में सैकड़ों फीट ऊपर तक उछल गए।
मिली जानकरी के अनुसार घटना रविवार रात करीब 9:30 बजे की है, जब यूनिवर्सिटी कैंपस में सामान्य हलचल थी। कैफे नंबर 14 में कर्मचारी रात का खाना तैयार कर रहे थे और हॉस्टल के कई छात्र वहां डिनर कर रहे थे। जानकारी के अनुसार, कर्मचारियों की एक छोटी सी लापरवाही इस बड़े हादसे का कारण बनी। बताया जा रहा है कि रसोई में काम के दौरान गैस का एक बर्नर या पाइप खुला रह गया था, जिससे गैस का रिसाव होने लगा। देखते ही देखते कैफे के भीतर आग की लपटें उठने लगीं। शुरुआत में कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
कैफे के भीतर मौजूद छात्र बाहर की तरफ भागे

इस हादसे का सबसे चौंकाने वाला पहलू वह वीडियो है जो कैफे के ठीक सामने स्थित गर्ल्स हॉस्टल की छात्राओं ने बनाया। धमाके की आवाज सुनते ही कैफे के भीतर मौजूद छात्र जान बचाकर बाहर की तरफ भागे। छात्रों ने बताया कि यदि वे कुछ सेकंड और अंदर रुकते तो बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था।
फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
धमाके के बाद कैंपस के अन्य कर्मचारी और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने यूनिवर्सिटी में लगे फायर सेफ्टी इक्विपमेंट का उपयोग कर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन ब्लास्ट के कारण आग बेकाबू हो चुकी थी।इसके बाद तुरंत पुलिस सहायता (डायल 112) और दमकल विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और करीब 45 मिनट की भारी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया।
इसराना थाना प्रभारी महिपाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से प्रारंभिक तौर पर आग का कारण 'शॉर्ट सर्किट' बताया गया था। हालांकि, थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि घटनास्थल से जो वीडियो और साक्ष्य सामने आए हैं, वे प्रबंधन के दावों को संदिग्ध बनाते हैं। हादसे की चपेट में आए लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)