Edited By Harman, Updated: 08 Jun, 2026 03:18 PM

पलवल सीआईए टीम एवं गदपुरी थाना पुलिस ने एक बड़े षड्यंत्र का पर्दाफाश करते हुए खुद अपनी जिम में गोली चलाकर हत्या के प्रयास के झूठे केस में फंसाने के मामले में एक आरोपी कोई चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर उसके मनसूबों को विफल करने में सफलता हासिल की है...
पलवल (दिनेश कुमार) : पलवल सीआईए टीम एवं गदपुरी थाना पुलिस ने एक बड़े षड्यंत्र का पर्दाफाश करते हुए खुद अपनी जिम में गोली चलाकर हत्या के प्रयास के झूठे केस में फंसाने के मामले में एक आरोपी कोई चंद घंटों में ही गिरफ्तार कर उसके मनसूबों को विफल करने में सफलता हासिल की है और षड्यंत्र कारी से दो अवैध पिस्टल भी बरामद की है। साथ ही दूसरी पार्टी द्वारा जिम में तोड़फोड़ के आरोपियों को भी अवैध हथियारों देशी कट्टा, लोहे की रॉड सहित काबू किया है।
पलवल पुलिस को मिली इस सफलता की जानकारी देते हुए डीएसपी हेड क्वार्टर साहिल ढिल्लों ने बताया कि हाल ही में 6 जून 2026 को धतीर निवासी शेखर पुत्र श्रीराम ने पुलिस चौकी धतीर में शिकायत दर्ज कराई थी कि पुरानी रंजिश के चलते सुमित, रिंकू, साहिल और उनके साथियों ने सुबह करीब 5 बजे उसकी जिम में घुसकर उस पर जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाईं।
शिकायत में कहा गया था कि आरोपियों ने जिम के शीशे तोड़े और बाहर खड़ी आई-20 गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जिसके तहत थाना गदपुरी अंतर्गत चौकी इंचार्ज धतीर एएसआई राकेश कुमार और सीआईए पलवल की संयुक्त जांच के दौरान घटनास्थल से 6 खाली खोल और 4 चली हुई बुलेट बरामद किए गए थे। लेकिन जब पुलिस ने गहराई से तफ्तीश की और साक्ष्य जुटाए, तो पूरी कहानी पलट गई और विवेचना में सामने आया कि आरोपी महेश, संदीप, रिंकू और अन्य साथी योजना बनाकर जिम पहुंचे थे और उन्होंने जिम व गाड़ी के शीशे तोड़े। भीड़ इकट्ठी होने लगी, तो आरोपी बिना कोई फायरिंग किए वहां से भाग गए। इसके बाद शिकायतकर्ता शेखर ने विरोधियों पर गंभीर धाराएं लगवाने के लिए खुद ही फायरिंग की, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
डीएसपी ने बताया कि धतीर गांव में स्थित श्रीराम फिटनेस जोन जिम में हुई उक्त तोड़फोड़ और फायरिंग के मामले में क्राइम ब्रांच पलवल प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार एवं थाना गदपुरी प्रभारी उप निरीक्षक कुलदीप सिंह टीम के ज्वाइंट ऑपरेशन में पलवल पुलिस ने मामले का पूरा पर्दाफाश किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पैसों के लेनदेन की पुरानी रंजिश को लेकर विरोधी पक्ष को हत्या के प्रयास के झूठे मामले में फंसाने के लिए शिकायतकर्ता ने खुद ही जिम पर फायरिंग की थी। सीआईए पलवल एवं थाना गदपुरी पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता शिकायतकर्ता व जिम में तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से अवैध हथियार व वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद की है।