Operation Trackdown: शिकंजे में इनामी गैंगस्टर व भगोड़ा अपराधी, आपराधिक मामलों में थे वांछित

Edited By Manisha rana, Updated: 13 Nov, 2025 07:31 AM

operation trackdown bounty carrying gangster and fugitive criminal in the grip

हरियाणा पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ की जा रही सख्त कार्रवाई के तहत, पुलिस ने दो जिलों- सोनीपत और कैथल में गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर एक और बड़ी सफलता दर्ज की है।

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ की जा रही सख्त कार्रवाई के तहत, पुलिस ने दो जिलों- सोनीपत और कैथल में गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित अपराधियों को गिरफ्तार कर एक और बड़ी सफलता दर्ज की है। राज्यभर में चलाया जा रहा “ऑपरेशन ट्रैकडाउन” संगठित अपराध और फरार अपराधियों के खिलाफ हरियाणा पुलिस का विशेष अभियान है, जिसके अंतर्गत लगातार बड़ी कार्रवाई की जा रही है।

CRPF जवान हत्याकांड के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार

सोनीपत जिले में 27 जुलाई 2025 की रात को छुट्टी पर आए CRPF जवान कृष्ण की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज मामले में सदर गोहाना थाना पुलिस ने ₹5,000-₹5,000 के इनामी दो मुख्य आरोपी—निशांत पुत्र राजसिंह और अजय पुत्र वजीर, दोनों निवासी खेड़ी दमकन—को गिरफ्तार किया है। यह वारदात पुरानी रंजिश से जुड़ी थी, जिसकी शुरुआत कांवड़ यात्रा के दौरान हुई कहासुनी से हुई थी। पुलिस ने बताया कि इस केस में पहले ही तीन आरोपी पकड़े जा चुके हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं, जिनके विरुद्ध हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। न्यायालय में पेश कर इन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा सके।

कैथल पुलिस ने ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ में दबोचा 15 मुकदमों वाला भगोड़ा अपराधी

कैथल पुलिस ने ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ के तहत विशेष टीम पीओ पकड़ो स्टाफ द्वारा वर्ष 2017 के छेड़खानी मामले में फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी हंसराज (निवासी सेरधा) को गिरफ्तार किया है। हंसराज को 6 अगस्त 2025 को अदालत द्वारा प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर (PO) घोषित किया गया था, क्योंकि वह जमानत मिलने के बाद अदालत में पेश नहीं हुआ था और भूमिगत हो गया था।

जांच में पता चला है कि आरोपी पर कैथल, पानीपत, जींद, हिसार समेत हरियाणा के विभिन्न जिलों में चोरी, महिला से छेड़खानी, हत्या, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे 15 से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रदेश में भगोड़ों और संगठित अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।

ऑपरेशन ट्रैकडाउन: अपराधियों पर हरियाणा पुलिस का लगातार कसता शिकंजा

“ऑपरेशन ट्रैकडाउन” अपराध और अपराधियों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की निर्णायक मुहिम बन चुका है। इस अभियान के तहत अब तक 262 कुख्यात अपराधी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। केवल छठे दिन में ही पुलिस ने 53 कुख्यात अपराधियों को पकड़ा है, जबकि 225 अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया है। कुल मिलाकर पिछले छह दिनों में पुलिस ने 262 कुख्यात और 1398 अन्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।इस सघन अभियान ने प्रदेश में संगठित अपराध के नेटवर्क को कमजोर किया है और आम जनता का पुलिस पर विश्वास पहले से अधिक मजबूत हुआ है। हरियाणा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन ट्रैकडाउन” आगे भी जारी रहेगा, जब तक राज्य से अपराध की जड़ें पूरी तरह समाप्त नहीं हो जातीं

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!