हरियाणा की अधिकांश संसदीय सीटों पर भाजपा उतार सकती है नए चेहरे!

Edited By Deepak Paul, Updated: 03 Feb, 2019 11:01 AM

most of the parliamentary constituencies of haryana

जींद विधानसभा चुनाव में पहली बार जीत दर्ज करने से उत्साहित भाजपा अप्रैल में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। हरियाणा में पिछली बार 10 में से 7 सीटें जीतने वाली भाजपा इस दफा सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य लेकर चल...

हिसार(संजय अरोड़ा): जींद विधानसभा चुनाव में पहली बार जीत दर्ज करने से उत्साहित भाजपा अप्रैल में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। 
हरियाणा में पिछली बार 10 में से 7 सीटें जीतने वाली भाजपा इस दफा सभी 10 सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य लेकर चल रही है और इसी कड़ी में पार्टी में इस बार उम्मीदवारों को लेकर पिछले चुनाव की अपेक्षा भारी फेरबदल की उम्मीद है। अनेक संसदीय सीटों पर पार्टी इस बार नए चेहरे मैदान में उतार सकती है। भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से वर्तमान सांसद धर्मवीर सिंह चुनाव न लडऩे की इच्छा व्यक्त कर चुके हैं। वहीं सिरसा व हिसार संसदीय क्षेत्र के लिए भाजपा को उम्मीदवारों की तलाश है।

इसके अलावा करनाल, अम्बाला, कुरुक्षेत्र, सोनीपत व रोहतक संसदीय क्षेत्र में भी भाजपा नए उम्मीदवारों पर दांव खेल सकती है। रोचक बात यह है कि इस बार भाजपा हाईकमान हरियाणा की सियासी जमीन पर भाजपा के राष्ट्रीय नेता व केंद्रीय मंत्री डा. वी.के. सिंह के अलावा पंजाबी गायक हंसराज हंस जैसे चेहरों को भी उतार सकता है। भाजपा द्वारा अगले चुनाव में गुरुग्राम व फरीदाबाद से पुराने उम्मीदवारों केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह व कृष्ण पाल गुर्जर को ही फिर से मैदान में उतारा जाना लगभग तय है।

भिवानी-महेंद्रगढ़ भी हॉट सीट मानी जाती है। भाजपा यहां से रिटायर्ड जनरल वी.के. सिंह व प्रो. रामबिलास शर्मा को चुनावी मैदान में उतार सकती है। सिंह भिवानी से ही ताल्लुक रखते हैं व वर्तमान में मोदी सरकार में मंत्री हैं, जबकि रामबिलास शर्मा हरियाणा सरकार में मंत्री हैं। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार सिरसा से भाजपा पंजाबी गायक एवं भाजपा नेता हंसराज हंस, हरियाणा सरकार में मंत्री कृष्ण बेदी व सुनीता दुग्गल पर दांव खेल सकती है। वहीं हिसार से भाजपा कैप्टन अभिमन्यु को मैदान में उतार सकती है। इसके अलावा हिसार से दुबई के उद्योगपति एवं मूल रूप से हिसार निवासी अशोक गोयल मंगालीवाला भी भाजपा उम्मीदवार हो सकते हैं। वहीं करनाल सीट से भी इस बार उम्मीदवार बदलने की योजना है। 

करनाल से पार्टी के वर्तमान सांसद की पत्नी के अलावा संजय भाटिया व एडवोकेट वेदपाल में से किसी एक को उम्मीदवार बना सकती है। भाटिया व वेदपाल दोनों भाजपा के प्रांतीय महासचिव हैं। हरियाणा की रोहतक संसदीय सीट काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है। पिछली बार कांग्रेस इसी एकमात्र सीट को जीत पाई थी। वहीं रोहतक से भाजपा ने पिछली बार ओमप्रकाश धनखड़ को चुनावी मैदान में उतारा गया था। इस बार भी धनखड़ ही उम्मीदवार हो सकते हैं, यदि कैप्टन अभिमन्यु हिसार से उम्मीदवार न हुए तो पार्टी उन पर रोहतक से भी दांव खेल सकती है। सोनीपत में इस समय रमेश कौशिक भाजपा के सांसद हैं। सूत्रों के मुताबिक भाजपा रमेश कौशिक को फिर से उम्मीदवार बनाने को लेकर असमंजस की स्थिति में है। यदि यहां से इस दफा उम्मीदवार बदला गया तो फिर इस सीट से हरियाणा कृषि विपणन मंडल की चेयरपर्सन कृष्णा गहलावत या मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन भी पार्टी का चेहरा हो सकते हैं। अम्बाला से इस समय रतनलाल कटारिया सांसद हैं। इस सीट से यदि कटारिया के अलावा किसी अन्य नाम पर विचार हुआ तो उनमें पंजाबी गायक हंसराज हंस के अलावा मंत्री कृष्ण बेदी व पूर्व राज्यपाल सूरजभान के दामाद का नाम भी चर्चा में है। 

कुरुक्षेत्र सीट से राजकुमार सैनी पार्टी के सांसद हैं पर उन्होंने भाजपा से बगावत करते हुए लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के नाम से अपनी नई पार्टी बना ली है। ऐसे में भाजपा को यहां से नया चेहरा मैदान में उतारना होगा। जिन नामों पर पार्टी में चर्चा चल रही है, उनमें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल आचार्य देवव्रत या राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी का नाम शामिल है।

कोर कमेटी की बैठक आज
संसदीय चुनाव में उम्मीदवारों के चयन व तैयारियों को लेकर पार्टी की कोर कमेटी की बैठक रविवार को नई दिल्ली में होगी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक हरियाणा के संसदीय चुनावों के प्रभारी कलराज मिश्र की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला सहित सभी सदस्य शामिल होंगे। बैठक में प्रदेश की सभी 10 संसदीय सीटों को लेकर उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया के साथ-साथ सभी सीटें जीतने को लेकर बनाए जाने वाली रणनीति पर चर्चा होगी।
 

सिरसा, हिसार व रोहतक पर खास फोकस
संसदीय चुनावों को लेकर पार्टी में चल रहे मंथन के बीच इसी माह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व पार्टी के राष्ट्रीयध्यक्ष अमित शाह का हरियाणा दौरा पार्टी के नेताओं व कार्यकत्र्ताओं की सक्रियता को और बढ़ा देगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को कुरुक्षेत्र आएंगे और इस दिन वह महिला सरपंचों के सम्मेलन को संबोधित करने के साथ-साथ पार्टी के नेताओं को संसदीय चुनाव की मजबूत रणनीति बनाने के टिप्स भी दे सकते हैं। इसी प्रकार से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 27 फरवरी को हिसार आएंगे और वह 3 संसदीय क्षेत्रों सिरसा, हिसार व रोहतक के पार्टी के शक्ति केंद्र प्रमुखों की बैठक को संबोधित करेंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जब अमित शाह हरियाणा के दौरे पर आए थे, तो उन्होंने पार्टी के नेताओं को प्रदेश की सभी संसदीय सीटें जीतने का लक्ष्य देते हुए पिछले चुनाव में हारी हुई 3 सीटों सिरसा, हिसार व रोहतक पर खास फोकस करने को कहा था। पार्टी इन तीनों ही सीटों को लेकर काफी गंभीर नजर आती है, यही वजह है कि अमित शाह इन 3 संसदीय क्षेत्रों के शक्ति केंद्र प्रमुखों से रू-ब-रू होने हरियाणा आ रहे हैं।

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!