Edited By Manisha rana, Updated: 25 Jun, 2025 09:29 AM

हरियाणा में मानसून ने एंट्री (Haryana Monsoon) कर दी है।
हरियाणा डेस्क : हरियाणा में मानसून ने एंट्री (Haryana Monsoon) कर दी है। मानसून ने तय समय से 5 दिन पहले दस्तक दे दी है। सूबे में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 29 जून है। आज प्रदेश के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर जिले में तेज बारिश का अलर्ट है। वहीं यमुनानगर, करनाल, पानीपत और हिसार में सुबह से बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में औसत 5.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा बारिश कुरुक्षेत्र में हुई। दिन का औसत तापमान 1.6 डिग्री घटकर सामान्य से 4.3 डिग्री कम हो गया।

बदलते मौसम ने हरियाणावासियों को राहत दी है। कल हरियाणा के अधिकतर जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। सिरसा 38.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि करनाल में सबसे कम 30.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून सीजन में सामान्य बारिश 438 मिमी. होती है। इस बार 114% यानी 475 मिमी. बारिश का अनुमान है। 1 से 24 जून तक 38.7 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।
सूबे में कल करनाल, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला में 75-100% तक बारिश की संभावना है जबकि अन्य जिलों में 50-75% तक बारिश हो सकती है। 27 तारीख को गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, सिरसा और फतेहाबाद में 50-75% तक बारिश हो सकती है। 28 तारीख को सिरसा, फरीदाबाद, पलवल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल में 25-50% तक बारिश हो सकती है। वहीं पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम और मेवात में 50-75% तक बारिश की संभावना है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)