Edited By Isha, Updated: 18 Apr, 2026 02:30 PM

हरियाणा के में बीटेक छात्रा दीक्षा दुबे (19) की सुसाइड से जुड़े नए खुलासों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। छात्रा के कमरे से मिले सुसाइड नोट और उसकी आखिरी चैट सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं।
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): हरियाणा के में बीटेक छात्रा दीक्षा दुबे (19) की सुसाइड से जुड़े नए खुलासों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। छात्रा के कमरे से मिले सुसाइड नोट और उसकी आखिरी चैट सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं।
सुसाइड नोट में छलका आत्मग्लानि का दर्द
पुलिस को दीक्षा के कमरे से एक रजिस्टर मिला, जिसमें पेंसिल से इंग्लिश में लिखा नोट बरामद हुआ। इसमें उसने लिखा— “I am sorry mummy papa, I am not worth of anything, I just spoiled myself, I hate myself…” दूसरे पेज पर केवल “Suicide” लिखा मिला। नोट से साफ है कि छात्रा गहरे मानसिक दबाव में थी, हालांकि सुसाइड की स्पष्ट वजह अभी सामने नहीं आई है।
दोस्त को आखिरी मैसेज—‘मुझसे और नहीं हो पा रहा’
सुसाइड से पहले दीक्षा ने अपनी एक दोस्त को मैसेज किया—“मुझसे और नहीं हो पा रहा…” लेकिन कुछ ही देर बाद उसने यह मैसेज डिलीट कर दिया। इसके बाद दोस्त लगातार कॉल और मैसेज करती रही, लेकिन दीक्षा ने कोई जवाब नहीं दिया।
लैब के बाद अचानक बदला व्यवहार
पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल की सुबह दीक्षा ने लैब अटेंड की थी। दोपहर में वह अपनी दोस्त के साथ मैस गई, लेकिन कुछ देर बाद अकेले ही वापस कमरे में लौट गई। उसने दोबारा लैब जाने से भी मना कर दिया था। इसी दौरान उसने अपनी दोस्त को वह आखिरी मैसेज भेजा।
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
करीब 3 बजे जब दोस्त कमरे पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद प्रशासन को बुलाया गया और रोशनदान से झांककर देखा गया तो दीक्षा पंखे से फंदे पर लटकी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया।
परिवार सदमे में, पिता बोले—बेटी मजबूत थी
दीक्षा मूल रूप से बिहार के बक्सर की रहने वाली थी, जबकि परिवार यूपी के अलीगढ़ में रहता है। पिता शशि कुमार दुबे एक प्राइवेट कंपनी में ऑपरेटर हैं। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी पढ़ाई में अच्छी थी और कभी ऐसा संकेत नहीं मिला कि वह इतना बड़ा कदम उठा सकती है। परिवार ने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमॉर्टम
पुलिस ने दो डॉक्टरों के पैनल के साथ वीडियोग्राफी में पोस्टमॉर्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर पर जांच कर रही है।
प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में
घटना के बाद छात्रों के विरोध और हंगामे के चलते संस्थान प्रशासन ने गर्ल्स हॉस्टल की वॉर्डन व्यवस्था में बदलाव किया है। चीफ वॉर्डन, डिप्टी वॉर्डन और एसोसिएट डीन स्टूडेंट वेलफेयर को बदल दिया गया है। हालांकि कुछ लोग इस बदलाव को आंतरिक खींचतान से भी जोड़कर देख रहे हैं।
एक और छात्रा ने किया सुसाइड का प्रयास
मामले के बीच देर रात एक और छात्रा ने हॉस्टल की 5वीं मंजिल से कूदने की कोशिश की, लेकिन साथियों ने समय रहते उसे बचा लिया। छात्रा को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना के बाद कैंपस में और अधिक तनाव का माहौल बन गया है।
जांच के बीच बढ़ते सवाल
लगातार सामने आ रहे घटनाक्रम और पिछले कुछ समय में हुए अन्य सुसाइड मामलों ने संस्थान के माहौल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र मानसिक दबाव, प्रशासनिक रवैये और सपोर्ट सिस्टम की कमी को लेकर आवाज उठा रहे हैं। अब सभी की नजर जांच और उसके निष्कर्षों पर टिकी है।