बहादुरगढ़ में मुख्य डाकघर पर लगी लंबी कतारें, घंटों इंतजार को मजबूर लोग...कई दिनों से चक्कर काट रहे नागरिक

Edited By Isha, Updated: 19 Sep, 2026 02:57 PM

long queues at the main post office in bahadurgarh

आधार कार्ड में नाम, पता या अन्य जानकारी में सुधार करवाना बहादुरगढ़ के लोगों के लिए इन दिनों परेशानी का सबब बना हुआ है। शहर में फिलहाल झज्जर रोड स्थित मुख्य डाकघर में ही आधार अपडेशन की

बहादुरगढ़(प्रवीण कुमार धनखड़): आधार कार्ड में नाम, पता या अन्य जानकारी में सुधार करवाना बहादुरगढ़ के लोगों के लिए इन दिनों परेशानी का सबब बना हुआ है। शहर में फिलहाल झज्जर रोड स्थित मुख्य डाकघर में ही आधार अपडेशन की सुविधा उपलब्ध होने के कारण यहां सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं। कई लोगों का कहना है कि घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद उनका नंबर नहीं आ पा रहा है। कुछ लोग ऐसे भी हैं, जो पिछले तीन-चार दिनों से लगातार डाकघर के चक्कर काट रहे हैं।

शहर के अन्य आधार केंद्र बंद होने और सीएससी सेंटरों पर भी आधार सुधार की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण पूरा दबाव मुख्य डाकघर पर आ गया है। स्थिति यह है कि लोग सुबह निर्धारित समय से पहले ही डाकघर पहुंचकर लाइन में लग जाते हैं। उमस भरी गर्मी में बुजुर्गों, महिलाओं और छोटे बच्चों को भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं नौकरी और कामकाज से छुट्टी लेकर आधार अपडेट करवाने पहुंचे लोगों की परेशानी भी बढ़ गई है।

लोगों के अनुसार डाकघर में आधार संबंधी काम सुबह करीब 10 बजे शुरू होता है और शाम साढ़े चार बजे तक ही किया जाता है। सीमित समय और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण रोजाना कई लोगों का नंबर नहीं आ पाता। ऐसे में उन्हें अगले दिन फिर से सुबह आकर लाइन में लगना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने आधार सेवा के लिए टोकन व्यवस्था लागू करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि टोकन सिस्टम होने से उन्हें घंटों लाइन में खड़े रहने के बजाय अपनी बारी के अनुसार सेवा लेने की सुविधा मिल सकेगी। कुछ लोगों ने जान-पहचान वालों के काम जल्दी होने के आरोप भी लगाए और व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग की।

लोगों ने सरकार और प्रशासन से शहर में बंद पड़े अन्य आधार केंद्रों को जल्द शुरू करवाने की मांग की है। साथ ही, जब तक सभी केंद्र चालू नहीं होते, तब तक मुख्य डाकघर में आधार काउंटरों की संख्या बढ़ाने और व्यवस्थित टोकन सिस्टम लागू करने की मांग उठाई है।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!