Edited By Krishan Rana, Updated: 21 Jun, 2026 07:49 PM

यमुनानगर के साढोरा क्षेत्र से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने ग्रामीणों में दहशत का माहौल
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर के साढोरा क्षेत्र से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। गांव कोटला में देर रात एक तेंदुआ आबादी के नजदीक पहुंच गया और पशुबाड़े में बंधी बकरियों पर हमला कर दिया। इस हमले में चार बकरियों की मौत हो गई, जबकि पशुपालक को हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना के बाद पूरे इलाके में डर का माहौल है और ग्रामीण वन्यजीव विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार तेंदुए ने एक पशुबाड़े में बंधी चार बकरियों पर हमला कर दिया। हमले में चारों बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पशुपालक रात के समय अपने पशुओं को बांधकर घर में सोने चला गया था। इसी दौरान तेंदुआ पशुबाड़े तक पहुंच गया और बकरियों को अपना शिकार बना लिया।
सुबह जब पशुपालक पशुबाड़े में पहुंचा तो बकरियों को मृत अवस्था में देखकर उसके होश उड़ गए। घटना की सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी जंगली जानवरों की गतिविधियां देखी गई हैं, लेकिन आबादी के बीच इस तरह का हमला बेहद चिंताजनक है।
ग्रामीणों ने वन्यजीव विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने, तेंदुए की तलाश करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है और लोग अपने बच्चों व पशुओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं। अब सभी की नजर वन्यजीव विभाग की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)