Edited By Harman, Updated: 15 Oct, 2026 05:04 PM

साइबर ठगों ने तमिलनाडु के सीएम विजय थलापति के नाम पर फर्जी फेसबुक पेज बनाकर यमुनानगर के अमादलपुर निवासी माहिला को ठगी का शिकार बना लिया।
यमुनानगर (सुरेंद्र मेहता) : साइबर ठगों ने तमिलनाडु के सीएम विजय थलापति के नाम पर फर्जी फेसबुक पेज बनाकर यमुनानगर के अमादलपुर निवासी माहिला को ठगी का शिकार बना लिया। मकान बनवाने में मदद का भरोसा देकर उनसे रजिस्ट्री और अन्य खर्चों के नाम पर सात लाख 72 हजार रुपये अलग-अलग खातों में जमा करा लिए। 12 से 22 अगस्त के बीच रकम जमा कराने के बाद आरोपितों ने संपर्क करना बंद कर दिया।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रविन्द्र कुमार ने बताया कि महिला के साथ साइबर ठगी हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मोमिना ने फेसबुक पर सीएम विजय थलापति फाउंडेशन के नाम से एक पेज देखा था। इसमें दावा किया था कि यह संस्था मुख्यमंत्री की है और गरीब लोगों की मदद करती है। पेज पर संपर्क के लिए एक मोबाइल नंबर भी दिया गया था। मोमिना ने उस नंबर पर चैटिंग की, जिसके बाद उनके वॉट्सऐप पर संदेश आने लगे।
वॉट्सऐप पर बातचीत के दौरान दूसरी ओर से बात करने वाले व्यक्ति ने खुद को सीएम विजय थलापति बताया। उसने कहा कि उनकी संस्था जरूरतमंद लोगों की मदद करती है। मोमिना ने बताया कि उनके पास मकान नहीं है और उन्हें घर बनवाने के लिए सहायता चाहिए।आरोपि ने बातचीत में मोमिना को भरोसा दिलाया कि मकान बनवाने में कुछ मदद वह करेंगे, जबकि कुछ राशि का इंतजाम उन्हें खुद करना होगा। मकान की रजिस्ट्री के लिए रुपये जमा कराने की बात कही। झांसे में आकर दंपति तैयार हो गए और 12 से 22 अगस्त के बीच अलग-अलग खातों में कुल 7 लाख 72 हजार रुपये जमा करा दिए।
इसके बाद संबंधित नंबर पर संपर्क नहीं हो सका। मोमिना और उनके पति ने जानकारों से बातचीत की तो उन्हें साइबर ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।साइबर थाना प्रभारी ने बताया कि आजकल मुख्यमंत्री विजय के नाम से इस तरह के लिंक आ रहे हैं, कोई भी लिंक ना खोले जिससे इस तरह की ठगी की घटनाएं सामने आ रही हैं।