Edited By Isha, Updated: 29 Mar, 2026 07:26 PM

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले की पुलिस ने ओड़िशा से अगवा किए गए एक फाइनेंसर को पश्चिम बंगाल से सुरक्षित छुड़वा लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने किडनैपिंग में शामिल दंपती को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पीड़ित की बेटी से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।
कुरुक्षेत्र(कपिल शर्मा): हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले की पुलिस ने ओड़िशा से अगवा किए गए एक फाइनेंसर को पश्चिम बंगाल से सुरक्षित छुड़वा लिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने किडनैपिंग में शामिल दंपती को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पीड़ित की बेटी से 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी थी।
जानकारी के अनुसार, लाडवा निवासी अजीत वर्मा 23 मार्च को धार्मिक यात्रा पर भुवनेश्वर (ओड़िशा) के लिए निकले थे और 25 मार्च को वहां पहुंचे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें अगवा कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने अजीत वर्मा के मोबाइल से उनकी बेटी मेघा रानी को व्हाट्सएप कॉल कर 5 लाख रुपए की फिरौती मांगी और पुलिस को सूचना देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
मेघा रानी ने 26 मार्च को थाना लाडवा में शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी गुरनाम सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई, जिसे तत्काल ओड़िशा भेजा गया।
जांच के दौरान लोकेशन ट्रेस करने पर पता चला कि आरोपी अजीत वर्मा को ओड़िशा से पश्चिम बंगाल ले गए हैं। इसके बाद कुरुक्षेत्र पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर फाइनेंसर को सुरक्षित छुड़वा लिया और किडनैपर दंपती को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं, कुरुक्षेत्र पुलिस की टीम अजीत वर्मा को अपने साथ वापस लेकर आ रही है।