17 जुलाई होगा स्वर्णिम दिन, हरियाणा विकास के नए युग में करेगा प्रवेश : कृष्ण बेदी

Edited By Harman, Updated: 10 Jul, 2026 12:54 PM

july 17 haryana will enter a new era of development krishna bedi

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के विकास इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के विकास इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद की धरती से हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, जिससे प्रदेश में आधारभूत ढांचे, स्वास्थ्य, परिवहन और कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी। कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा केवल विकास परियोजनाओं के उद्घाटन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित हरियाणा और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की डबल इंजन सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन बनेगी भारत की नई पहचान

कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भारत को स्वच्छ ऊर्जा आधारित परिवहन के नए युग में प्रवेश दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक और आत्मनिर्भर भारत की सोच का प्रतीक है। इससे भारत विश्व के उन चुनिंदा देशों की श्रेणी में शामिल होगा जो हरित ऊर्जा आधारित रेल परिवहन को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस तकनीक से प्रदूषण कम होगा, ईंधन पर निर्भरता घटेगी और रेलवे क्षेत्र में नई तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।

स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया विस्तार

मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि भिवानी और नारनौल मेडिकल कॉलेजों का लोकार्पण दक्षिण हरियाणा के लोगों के लिए बड़ी सौगात साबित होगा। इन संस्थानों के शुरू होने से लाखों लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होंगे।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।

सड़क और रेल नेटवर्क को मिलेगी नई गति

कृष्ण बेदी ने बताया कि लगभग 350 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री करेंगे। इससे वर्षों से चली आ रही यातायात जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा और लोगों का समय व ईंधन दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि अंबाला-काला अंब ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे के हरियाणा खंड, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-352ए), हांसी-बरवाला फोरलेन तथा बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई गति देंगी। इन परियोजनाओं से उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

सिख म्यूजियम बनेगा सांस्कृतिक धरोहर का नया केंद्र

कृष्ण बेदी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में बनने वाले अत्याधुनिक सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह म्यूजियम दसों सिख गुरुओं के जीवन, उनके संदेश और इतिहास को आधुनिक डिजिटल तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करेगा। यहां डिजिटल गैलरी, आधुनिक पुस्तकालय और लाइट एंड साउंड शो जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

विकास और सुशासन की नई मिसाल बनेगा हरियाणा

कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। प्रदेश तेजी से आधुनिक सुविधाओं से जुड़ रहा है और आम जनता को विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जींद की जनसभा से हरियाणा को अनेक नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएंगी।

ऐतिहासिक जनसभा को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में

कृष्ण बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन पूरी तरह तैयार हैं। कार्यक्रम को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रदेश के सभी जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के जींद पहुंचने की संभावना है।उन्होंने कहा कि 17 जुलाई का यह कार्यक्रम केवल एक सरकारी आयोजन नहीं, बल्कि हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य, तेज विकास और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला ऐतिहासिक अवसर होगा।


 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!