हरियाणा कांग्रेस में पांच दिन का 'महामंथन', नए प्रभारी संजय दत्त  सांसदों, विधायकों संग करेंगे अलग-अलग बैठकें

Edited By Harman, Updated: 07 Jul, 2026 12:51 PM

five day  mega deliberation  within haryana congress

हरियाणा कांग्रेस में अगले पांच दिन संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। पार्टी के हरियाणा मामलों के नवनियुक्त प्रभारी संजय सतीशचंद्रन दत्त प्रभारी बनने के बाद पहली बार 8 से 12 जुलाई तक चंडीगढ़ प्रवास पर रहेंगे।

चंडीगढ़ ( चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा कांग्रेस में अगले पांच दिन संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं। पार्टी के हरियाणा मामलों के नवनियुक्त प्रभारी संजय सतीशचंद्रन दत्त प्रभारी बनने के बाद पहली बार 8 से 12 जुलाई तक चंडीगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय संगठनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, जहां पार्टी के हर स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन की मौजूदा स्थिति का आकलन किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह दौरा केवल औपचारिक बैठकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संगठन को मजबूत करने, गुटबाजी कम करने और भविष्य की राजनीतिक रणनीति तय करने के उद्देश्य से व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। सांसदों, विधायकों, जिलाध्यक्षों, अग्रणी संगठनों, कार्यकर्ताओं तथा लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों से अलग-अलग बैठकें कर जमीनी फीडबैक लिया जाएगा।

पहले दिन सांसदों-विधायकों से सीधा संवाद

8 जुलाई को हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की जनरल बॉडी बैठक आयोजित होगी, जिसमें संजय दत्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वे सांसदों और विधायकों से व्यक्तिगत मुलाकात कर उनके क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, संगठन की सक्रियता, जनसंपर्क अभियानों और स्थानीय चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।

दूसरे दिन जिलाध्यक्षों की रिपोर्ट होगी पेश

9 जुलाई को जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी। इनमें सदस्यता अभियान, संगठन की स्थिति, स्थानीय राजनीतिक समीकरण और भविष्य की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। प्रत्येक जिले से अलग-अलग फीडबैक लेकर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।

तीसरे दिन संगठन, छात्र और मतदाता सूची पर फोकस

10 जुलाई को कांग्रेस के अग्रणी संगठनों के प्रमुखों के साथ बैठक होगी। इसके बाद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर गठित प्रदेश स्तरीय समिति की बैठक आयोजित होगी। इसी दिन 'छात्रों की गूंज' अभियान की समीक्षा भी की जाएगी। शाम को पंचकूला में नीट पेपर लीक प्रकरण में जान गंवाने वाले छात्रों की स्मृति में निकाले जाने वाले कैंडल मार्च का नेतृत्व भी संजय दत्त करेंगे।

'ओपन हाउस' में सीधे रख सकेंगे अपनी बात

11 जुलाई को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में 'ओपन हाउस' आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बिना किसी औपचारिक प्रक्रिया के सीधे प्रभारी से मिलकर अपने सुझाव, शिकायतें और संगठन से जुड़े मुद्दे साझा कर सकेंगे।

पराजित उम्मीदवार साझा करेंगे चुनावी अनुभव

12 जुलाई को लोकसभा और विधानसभा चुनाव-2024 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों से व्यक्तिगत बैठकें होंगी। बूथ प्रबंधन, चुनावी रणनीति, संगठनात्मक सहयोग और स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तृत चर्चा कर भविष्य की चुनावी तैयारियों के लिए सुझाव जुटाए जाएंगे।

नए प्रभारी के सामने पांच बड़ी चुनौतियां

गुटबाजी खत्म करना: प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से अलग-अलग गुट सक्रिय हैं। सभी नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करना सबसे बड़ी चुनौती होगी।
संगठन में संतुलन बनाना: विभिन्न शक्ति केंद्रों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर सभी को साथ लेकर चलना आसान नहीं होगा।
नई कार्यकारिणी का गठन: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी का गठन अभी लंबित है, जिसे जल्द अंतिम रूप देना होगा।
चुनावी अनुभवों का उपयोग: चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों से मिले फीडबैक को संगठनात्मक सुधार और भविष्य की रणनीति में बदलना महत्वपूर्ण होगा।
कार्यकर्ताओं का विश्वास मजबूत करना: जमीनी कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर संगठन को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाना भी इस दौरे की सबसे बड़ी कसौटी माना जा रहा है।
 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!