Edited By Isha, Updated: 07 Jul, 2026 10:22 AM

भीषण गर्मी और उमस झेल रहे हरियाणा वासियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के मौसम में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं।
डेस्क: भीषण गर्मी और उमस झेल रहे हरियाणा वासियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में मानसून पूरी तरह से एक्टिव हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के मौसम में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने हरियाणा के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश का मौसम आगामी 11 जुलाई तक परिवर्तनशील बना रहेगा।मौसम विभाग ने उत्तर और दक्षिण-पूर्व हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, नूंह और पलवल के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। यहाँ गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो सकती है।
मध्यम से हल्की बारिश वाले इलाके
कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, जींद, भिवानी और चरखी दादरी के कुछ इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बूंदाबांदी हो सकती है। पिछले कुछ दिनों से बारिश न होने के कारण कई जिलों का अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, जिससे लोग भारी उमस से परेशान थे। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस मानसूनी बारिश के बाद दिन और रात के तापमान में बड़ी गिरावट आएगी, जिससे मौसम सुहावना हो जाएगा।