Edited By Krishan Rana, Updated: 26 Jun, 2026 08:02 PM

हरियाणा ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए
चंडीगढ़ : हरियाणा की राजनीति से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए वरिष्ठ नेता संजय दत्त को हरियाणा कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया है। कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है। इसके साथ ही हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी रहे बीके हरिप्रसाद की छुट्टी कर दी गई है।
संजय दत्त अब हरियाणा में कांग्रेस संगठन की कमान संभालेंगे। इससे पहले बीके हरिप्रसाद हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी के तौर पर कार्य कर रहे थे। जारी आदेश के अनुसार, संजय दत्त के साथ-साथ लालजी देसाई को ओडिशा और राजेंद्र पाल गौतम को उत्तर प्रदेश का AICC प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

कौन हैं संजय दत्त ?
महाराष्ट्र में जन्में संजय दत्त ने एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष से अपनी राजनीति की पहली सीढ़ी चढ़ी। सेवादल के संगठन सचिव और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विभिन्न पदों पर रहते हुए सचिव पद तक पहुंचे हैं। बता दें कि संजय दत्त पहले ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के राष्ट्रीय सचिव रह चुके हैं।
उन्हें पहले तमिलनाडु और पुडुचेरी कांग्रेस के प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी दी गई थी, जहां उन्होंने संगठन को मजबूत करने का काम किया। इसके बाद कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें हिमाचल प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किया था, जहां उन्होंने विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने में अहम भूमिका निभाई।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)