रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर बेंच पर मिली डेढ़ साल की मासूम, माथे-नाक पर मिले घाव, परिजनों की तलाश में जुटी पुलिस

Edited By Manisha rana, Updated: 08 Apr, 2026 04:31 PM

innocent child found on a bench at rewari railway station

रेवाड़ी शहर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आज सुबह मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया, जब वहां करीब डेढ़ साल की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची कंबल में लिपटी हुई स्टेशन की एक बेंच पर पड़ी थी।

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी शहर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आज सुबह मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया, जब वहां करीब डेढ़ साल की मासूम बच्ची लावारिस हालत में मिली। बच्ची कंबल में लिपटी हुई स्टेशन की एक बेंच पर पड़ी थी। उसे सबसे पहले सफाई कर्मचारी ने सफाई के दौरान देखा और तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। 

बच्ची के माथे व नाक पर मिले घाव के निशान 

मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने बच्ची को अपने संरक्षण में लिया। बच्ची की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उसके माथे और नाक पर घाव के निशान मिले हैं, जबकि एक आंख बुरी तरह सूजी हुई थी। लंबे समय से देखभाल न होने के कारण उसके होंठों और नाखूनों पर पपड़ी जमी हुई थी, जिससे साफ अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह काफी समय से उपेक्षा का शिकार रही है। 

चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) की इंचार्ज श्रुति शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर एक पर बच्ची के मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जब बच्ची की स्थिति देखी गई तो वह कुपोषण की शिकार प्रतीत हुई। उन्होंने कहा कि बच्ची की हालत चिंताजनक है और उसे तत्काल चिकित्सकीय देखभाल की जरूरत थी। रेलवे पुलिस ने बिना देर किए चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सूचना दी, जिसके बाद समिति की टीम ने बच्ची को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। 

उधर बच्ची को स्टेशन पर छोड़ने वालों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। आस-पास के क्षेत्रों में भी पूछताछ और छानबीन की जा रही है, ताकि बच्ची के परिजनों का जल्द पता लगाया जा सके। समिति की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यदि बच्ची के परिजन नहीं मिलते हैं, तो उसे नियमानुसार बाल संरक्षण गृह में रखा जाएगा। यह घटना न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि समाज की संवेदनहीनता की भी दर्दनाक तस्वीर पेश करती है। इतनी छोटी मासूम को इस हालत में रेलवे स्टेशन पर छोड़ जाना हर किसी को झकझोर देने वाला है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)          

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!