Edited By Harman, Updated: 05 Sep, 2026 10:43 AM

फरीदाबाद पुलिस ने मोहपाश के एक मामले में महिला को एक लाख रुपये की उगाही की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
फरीदाबाद : फरीदाबाद पुलिस ने मोहपाश के एक मामले में महिला को एक लाख रुपये की उगाही की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला को शुक्रवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ओल्ड फरीदाबाद की बुध कॉलोनी की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि एक महिला और उसका परिवार उसके मकान में किराएदार के रूप में रह रहे थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उक्त महिला ने किसी बहाने से उसके पति को अपने जाल में फंसाया और उनकी तस्वीरें व वीडियो बना लिए। बाद में उसने तस्वीरें और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे की मांग शुरू कर दी।
बुधवार को आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता के पति को दो लाख रुपये देने के लिए सेक्टर-28 स्थित एक रेस्तरां में बुलाया था। पुलिस प्रवक्ता ने कहा, "मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता के पति से एक लाख रुपये लेते समय महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया।"