Edited By Krishan Rana, Updated: 23 Feb, 2026 02:04 PM

शहर में स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाते हुए दुरेंची गांव में अवैध रूप से संचालित एक क्लीनिक पर
पलवल : शहर के छायसा गांव में फैले हेपेटाइटिस के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती दिखाते हुए दुरेंची गांव में अवैध रूप से संचालित एक क्लीनिक पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि वहां कोई पंजीकृत डॉक्टर नहीं, बल्कि 17 वर्षीय नाबालिग छात्र मरीजों का इलाज कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएमओ हथीन की ओर से तीन सदस्यीय टीम गठित की गई, जिसमें डॉ. देवेंद्र, डॉ. इम्तियाज खान और पवन शामिल थे। प्रशासन की तरफ से संजय कुमार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। संयुक्त टीम ने गांव में दबिश दी तो बिना किसी साइनबोर्ड के एक क्लीनिक संचालित मिलता पाया। टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद एक मरीज मौके से चला गया। पूछताछ में सामने आया कि क्लीनिक चला रहा किशोर 11वीं कक्षा का छात्र है।
नाबालिग ने बताया कि उसके पिता दीन मोहम्मद अक्सर बीमार रहते हैं, जिसके चलते वह स्कूल जाने के बजाय क्लीनिक संभाल रहा था और मरीजों को परामर्श दे रहा था। हालांकि उसके पास कोई वैध डिग्री या चिकित्सकीय प्रशिक्षण नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा कि बिना लाइसेंस इलाज करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, खासकर तब जब क्षेत्र में संक्रामक रोग का प्रकोप फैला हो।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)