Edited By Isha, Updated: 30 Jun, 2026 09:02 AM

हरियाणा के सरकारी शिक्षकों को इस साल अक्तूबर तक नए स्कूलों में तैनाती मिल जाएगी। अगले दो सप्ताह में सामान्य तबादला अभियान का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद पूरी तबादला प्रक्रिया करीब 75 दिन
डेस्क: हरियाणा के सरकारी शिक्षकों को इस साल अक्तूबर तक नए स्कूलों में तैनाती मिल जाएगी। अगले दो सप्ताह में सामान्य तबादला अभियान का शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा। इसके बाद पूरी तबादला प्रक्रिया करीब 75 दिन में पूरी होगी। इसके बाद अक्तूबर तक शिक्षक नए स्कूलों में कार्यभार संभाल लेंगे। यह जानकारी माध्यमिक शिक्षा निदेशक जितेंद्र दहिया ने सोमवार को गुरुग्राम के क्लस्टर रिसोर्स सेंटर (सीआरसी) के अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक में दी।
शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय दहिया के मुताबिक नई नीति के तहत तबादला प्रक्रिया एमआईएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन होगी। सबसे पहले शिक्षकों को अपनी सेवा और व्यक्तिगत जानकारी अपडेट करनी होगी। इसके बाद विभाग मेरिट अंक, कार्यकाल और श्रेणी की सूची जारी करेगा। यदि किसी शिक्षक को कोई आपत्ति होगी तो वह तय समय में ऑनलाइन दर्ज करा सकेगा। जिला और राज्य स्तर की समितियां इन आपत्तियों का निपटारा करेंगी।
इसके बाद स्वैच्छिक श्रेणी के शिक्षकों से विकल्प लिए जाएंगे और विभाग स्कूलों में पदों का सामान्यीकरण करेगा। अतिरिक्त शिक्षकों की पहचान कर रिक्त पदों की अंतिम सूची जारी होगी। फिर शिक्षक अपनी पसंद के स्कूल भरेंगे। पहले नियमित शिक्षकों के दो चरण होंगे। इसके बाद गेस्ट टीचरों को मौका मिलेगा। यदि कोई शिक्षक विकल्प नहीं भरता है तो उसे कैडर के अनुसार जिले या राज्य में कहीं भी तैनात किया जा सकता है।
सभी चरण पूरे होने के बाद मेरिट के आधार पर स्कूल आवंटित किए जाएंगे और सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद तबादला आदेश जारी होंगे। आदेश जारी होने के दस दिन के भीतर शिक्षकों को नए स्कूलों में ज्वाइन करना होगा।
मॉडल, पीएमश्री व सीएमश्री स्कूलों का शेड्यूल पहले
सामान्य तबादला ड्राइव से पहले मॉडल स्कूल, पीएमश्री और सीएमश्री स्कूलों के लिए अलग शेड्यूल जारी होगा। संभावना है कि अगले सप्ताह इसका कार्यक्रम जारी हो जाए। हरियाणा में 256 मॉडल स्कूल, 250 पीएमश्री और 250 सीएमश्री स्कूल हैं।