Edited By Harman, Updated: 20 Aug, 2026 05:46 PM

हरियाणा विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने तैयारियों की कमान संभाल ली है। 27 अगस्त से प्रस्तावित मानसून सत्र, 2026 की व्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक...
चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने तैयारियों की कमान संभाल ली है। 27 अगस्त से प्रस्तावित मानसून सत्र, 2026 की व्यवस्थाओं को लेकर विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा सचिव वीरेंद्र दहिया, स्पीकर के सलाहकार राम नारायण यादव सहित विधानसभा के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हरविंद्र कल्याण ने बैठक में सत्र के सफल और सुचारु संचालन से जुड़े विभिन्न प्रबंधों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की तैयारियों के बारे में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधानसभा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सदन की कार्यवाही के दौरान किसी भी स्तर पर अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
सदन की कार्यवाही सुचारु रखना प्राथमिकता
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण के लिए मानसून सत्र इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि सदन में प्रदेश से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक अपने-अपने क्षेत्रों तथा प्रदेश से संबंधित विषय सदन में उठाएंगे। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष की भूमिका सदन की कार्यवाही को नियमों और संसदीय परंपराओं के अनुरूप संचालित कराने में महत्वपूर्ण होगी।
बैठक के दौरान विधानसभा सचिवालय से संबंधित तैयारियों, अधिकारियों की जिम्मेदारियों तथा सत्र के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि सदन की कार्यवाही बिना किसी बाधा के संचालित हो सके।
27 अगस्त से शुरू होगा मानसून सत्र
हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। विधायकों के प्रश्नों, ध्यानाकर्षण प्रस्तावों और अन्य विधायी कार्यों से संबंधित प्रक्रिया भी सत्र के अनुरूप आगे बढ़ाई जा रही है। हरविंद्र कल्याण लगातार विधानसभा की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, प्रभावी और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप बनाए रखने पर जोर देते रहे हैं। आगामी मानसून सत्र में भी उनकी कोशिश रहेगी कि पक्ष और विपक्ष दोनों को अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर मिले तथा सदन की गरिमा और अनुशासन कायम रहे।
बैठक के माध्यम से विधानसभा अध्यक्ष ने यह संकेत भी दिया कि सत्र शुरू होने से पहले सभी प्रशासनिक और तकनीकी तैयारियों को अंतिम रूप देने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मानसून सत्र की तैयारियों की समीक्षा के साथ अब विधानसभा सचिवालय पूरी तरह से 27 अगस्त की कार्यवाही के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है।