Edited By Harman, Updated: 09 Sep, 2026 06:16 PM

हरियाणा में बढ़ती ऊंची इमारतों और बहुमंजिला भवनों में आगजनी की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य सरकार अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है।
चंडीगढ़ (चंद्र शेखर धरणी) : हरियाणा में बढ़ती ऊंची इमारतों और बहुमंजिला भवनों में आगजनी की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राज्य सरकार अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं को अत्याधुनिक उपकरणों से लैस करने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा निदेशालय राज्य में चार अत्याधुनिक एरियल लेडर प्लेटफॉर्म खरीदने की तैयारी में है। इनमें 90 मीटर क्षमता वाले दो और 104 मीटर क्षमता वाले दो एरियल लेडर प्लेटफॉर्म शामिल हैं।
इन वाहनों की खरीद से बहुमंजिला और ऊंची इमारतों में आग लगने की स्थिति में दमकल कर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने में काफी मदद मिलेगी। खासतौर पर ऐसे भवनों में जहां सामान्य फायर टेंडर की सीढ़ियां पर्याप्त ऊंचाई तक नहीं पहुंच पातीं, वहां ये एरियल लेडर प्लेटफॉर्म महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उद्योग विशेषज्ञों से लिए जाएंगे सुझाव
प्रस्तावित खरीद प्रक्रिया को तकनीकी रूप से मजबूत और जरूरतों के अनुरूप बनाने के लिए निदेशालय ने भारतीय एवं विदेशी निर्माताओं, उनके अधिकृत प्रतिनिधियों और अन्य संबंधित हितधारकों से सुझाव लेने का फैसला किया है। इसी उद्देश्य से 11 सितंबर को प्री-एनआईटी और मार्केट कंसल्टेशन बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में एरियल लेडर प्लेटफॉर्म के तकनीकी मापदंडों, निर्माताओं की पात्रता, वारंटी की शर्तों, उपकरणों की डिलीवरी के समय, रखरखाव तथा अन्य व्यावसायिक प्रावधानों पर चर्चा की जाएगी। विभाग का उद्देश्य बाजार में उपलब्ध तकनीक और उत्पादों की जानकारी हासिल कर आगामी निविदा दस्तावेज को व्यावहारिक एवं प्रभावी बनाना है।
10 सितंबर तक पंजीकरण का मौका
बैठक में शामिल होने के इच्छुक निर्माताओं, अधिकृत प्रतिनिधियों और हितधारकों को 10 सितंबर की शाम तक पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए संबंधित संस्था का नाम, प्रतिनिधि का नाम एवं पद, ईमेल आईडी और संपर्क नंबर उपलब्ध कराते हुए विभाग के तकनीकी ईमेल के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है। बैठक में प्राप्त सुझावों और बाजार से मिलने वाली तकनीकी जानकारी को आगामी खरीद प्रक्रिया में ध्यान में रखा जाएगा।
टेंडर या चयन प्रक्रिया नहीं
अग्निशमन विभाग ने स्पष्ट किया है कि 11 सितंबर को होने वाली बैठक को किसी भी प्रकार की निविदा, एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट (ईओआई) या चयन प्रक्रिया नहीं माना जाएगा। इसका उद्देश्य केवल प्रस्तावित खरीद से संबंधित तकनीकी एवं व्यावसायिक पहलुओं पर उद्योग जगत से सुझाव और जानकारी प्राप्त करना तथा भविष्य के टेंडर दस्तावेज को अंतिम रूप देने में मदद लेना है। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि बैठक में भाग लेने वाले किसी भी निर्माता या हितधारक को भविष्य की खरीद प्रक्रिया में किसी प्रकार का विशेष अधिकार या प्राथमिकता प्राप्त नहीं होगी। अंतिम खरीद प्रक्रिया निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार ही पूरी की जाएगी।