Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 10 Sep, 2026 09:00 PM

फर्रुखनगर में एक महिला ने घर से करीब 200 मीटर दूर एक पीजी की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना 8 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 9 बजे की है। मृतका के भाई ने पति पर मारपीट और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए फर्रुखनगर थाने में शिकायत दी है।...
गुड़गांव, (ब्यूरो): फर्रुखनगर में एक महिला ने घर से करीब 200 मीटर दूर एक पीजी की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना 8 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 9 बजे की है। मृतका के भाई ने पति पर मारपीट और दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए फर्रुखनगर थाने में शिकायत दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
शिकायतकर्ता संजय पुत्र प्रहलाद सिंह निवासी गांव गुड़ियानी, तहसील कोसली, जिला रेवाड़ी ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन सुषमा की शादी साल 2014 में मुकेश कुमार पुत्र घमंडी लाल निवासी वार्ड नंबर 5, फर्रुखनगर के साथ हुई थी। इस शादी से 11 साल का एक बेटा उमंग है। मृतका के भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले पैसे की मांग को लेकर सुषमा के साथ मारपीट करते थे और घर से निकाल देते थे। कुछ दिन पहले भी मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया था, जिसके बाद वह 2-3 महीने मायके में रही थी। इसके बाद आरोपी मुकेश उनके घर आया और माफी मांगकर दोबारा ऐसा न करने का आश्वासन देकर सुषमा को साथ ले गया था।
शिकायत के अनुसार, 8 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे मुकेश का फोन आया कि सुषमा घर से चली गई है। शाम करीब साढ़े 7 बजे प्रधान जयभगवान ने फोन कर बताया कि उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली है। सुबह पड़ोसियों से पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है। परिजनों का आरोप है कि मुकेश ने ही उनकी बहन को जान से मारा है या उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। भाई ने आरोपी मुकेश के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फर्रुखनगर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।