Edited By Manisha rana, Updated: 15 Feb, 2026 02:34 PM

हांसी पुलिस ने शनिवार को लाल सड़क क्षेत्र में हुई 7.90 लाख रुपए की चोरी का 72 घंटे के भीतर खुलासा किया था। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया।
हांसी (संदीप सैनी) : हांसी पुलिस ने शनिवार को लाल सड़क क्षेत्र में हुई 7.90 लाख रुपए की चोरी का 72 घंटे के भीतर खुलासा किया था। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया। बीते दिन आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए दो दिन की रिमांड मांगा था। कोर्ट ने आरोपी का रिमांड मंजूर कर दिया। रिमांड के दौरान पुलिस चोरी की गई बकाया रकम के बारे में पूछताछ करेगी।
शनिवार को डीएसपी विनोद शंकर ने एक प्रेसवार्ता में इस संबंध में जानकारी दी थी कि हितेश ढींगड़ा के घर से लाखों रुपए की चोरी की घटना के पीछे उसके भाई तरूण ढींगड़ा के पार्टनर नीरज का हाथ है। डीएसपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि 28 वर्षीय नीरज को पार्टनर की परिवार की गतिविधियों और घर की स्थिति की पूरी जानकारी थी, जिसका लाभ उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी नीरज जगदीश कॉलोनी का ही रहने वाला है।
डीएसपी ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ के बाद उसके कब्जे से चोरी की गई 3 लाख 50 हजार रुपये की नकदी बरामद की गई। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि शेष 4 लाख 40 हजार रुपए उसने अपनी मौसी के लड़के के घर छिपाकर रखे हुए हैं। पुलिस शेष राशि बरामद करने के लिए आरोपी को बताए गए स्थान पर ले जाएगी।
पुलिस एफआईआर के अनुसार 8 फरवरी को लाल सड़क के पास स्थित एक मकान में लगभग 7 लाख 90 हजार रुपए की चोरी हुई थी। पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह फरीदाबाद में व्यापार करता है और घटना के समय घर से बाहर था। वापस लौटने पर उसने अपने घर का ताला टूटा हुआ पाया और अलमारी में रखी नकदी गायब मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर पुलिस ने 72 घंटे के भीतर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)