Edited By Isha, Updated: 08 Mar, 2026 02:40 PM

गांव टहना में देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है, जो गांव शादीपुर के निवासी थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया
रेवाड़ी(महेंद्र भारती): गांव टहना में देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में एक सरकारी शिक्षक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 47 वर्षीय मुकेश के रूप में हुई है, जो गांव शादीपुर के निवासी थे। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। जानकारी के अनुसार मुकेश किसी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह टहना अड्डे से आगे निकले, तभी तेज रफ्तार ट्राले ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए घायल मुकेश को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रामानंद ने बताया कि देर रात उपचार के दौरान मुकेश ने दम तोड़ दिया। बताया गया है कि मुकेश सरकारी स्कूल आशियाकी गौरावास में टीजीटी अंग्रेजी के पद पर कार्यरत थे। उनके निधन से शिक्षा जगत और क्षेत्र में शोक की लहर है। मुकेश अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। सूचना मिलने पर रोहड़ाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अज्ञात ट्राला चालक की तलाश में जुटी हुई है। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयानों के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वहीं परिजनों ने पुलिस से आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।