Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 18 May, 2026 02:58 PM

जनगणना की ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले दस सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। यह केस नगर निगम के जोनल टैक्सेशन अधिकारी-3 एवं जनगणना अधिकारी की सिफारिश पर दर्ज किया गया है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): जनगणना की ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले 10 सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। यह केस नगर निगम के जोनल टैक्सेशन अधिकारी-3 एवं जनगणना अधिकारी की सिफारिश पर दर्ज किया गया है। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर दो अलग-अलग केस जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत दर्ज किए गए हैं।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, शिकायत में जनगणना अधिकारी राजेश यादव ने बताया कि इनकी ड्यूटी लगाए जाने के बाद इन्हें जिस क्षेत्र में जनगणना करनी थी उसके घरों की सूची भी दी गई थी। अधिकारियों ने बताया कि उनकी जानकारी में आया कि यह कर्मचारी जनगणना 2027 के लिए लगाई गई ड्यूटी का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। इस बारे में आला अधिकारियों को भी सूचित किया गया और इन्हें भी नोटिस देकर कार्यको शुरू करने के लिए कहा गया, लेकिन इनके द्वारा कोई कार्य नहीं किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि इन कर्मचारियों को दी गई IILO ऐप में एक भी प्रविष्टी नहीं की गई है जो इनके द्वारा अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में बड़ी लापरवाही है।
इसमें सरहौल के GGP स्कूल के अध्यापक संदीप, GMSP स्कूल डूंडाहेड़ा से हंसराज, गुड़गांव गांव के GGP स्कूल से कुलदीप, सेक्टर-15 पार्ट-1 के GMSP स्कूल से राजेश कुमार, गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल डीएलएफ फेज-1 साइट नंबर 1105 से अमित कुमार, सेंट पीबीएन स्कूल सेक्टर-17 से रविता यादव, महिला एवं बाल कल्याण विभाग से जगमति, आबकारी एवं कराधान विभाग ईस्ट से सुनील कुमार, संसाधन भवन से सुनील कुमार व GMSP स्कूल से डेजी शर्मा का नाम शामिल है। इन कर्मचारियों की लापरवाही के कारण देश भर में चलाए जा रहे जनगणना कार्य में विलंब हो रहा है और सरकारी कार्य में बाधा पहुंच रही है। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि जनगणना के संदर्भ में प्रशिक्षण प्राप्त करना अनिवार्य था वह प्रशिक्षण भी इन सभी ने नहीं लिय और न ही विभिन्न समयों पर दिए गए निर्देशों का पालन किया गया। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि शहर गुड़गांव थाने में शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।