Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 30 Jul, 2026 10:44 PM

सेक्टर-52 स्थित सेंटर पार्क में ठेकेदार की बड़ी लापरवाही के चलते 10 वर्षीय मासूम की जान आफत में आ गई। 10 वर्षीय मासूम रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर-52 स्थित सेंटर पार्क में ठेकेदार की बड़ी लापरवाही के चलते 10 वर्षीय मासूम की जान आफत में आ गई। 10 वर्षीय मासूम रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए खोदे गए गड्ढे में गिर गया। गनीमत यह रही कि पास ही काम कर रहे मजदूर की नजर उस पर पड़ गई जिसके बाद वह मौके पर भागा और स्थानीय लोगों की मदद से मासूम को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
आपको बता दें कि नगर निगम की तरफ से गुड़गांव को जलभराव से बचाने के लिए कार्य किया जा रहा है। ऐसे में जलभराव वाले क्षेत्राें में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी बनाए जा रहे हैं। सेक्टर-52 के सेंटर पार्क में भी रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाने के लिए गड्ढा खोदा गया था।शाम को जब बच्चे पार्क में खेल रहे थे तो इस दौरान 10 वर्षीय मासूम का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह इस गहरे गड्ढे में जा गिरा।
स्थानीय लोगों की मानें तो यहां बेहद ही लापरवाही से कार्य किया जा रहा है। इसको लेकर लोगों में गुस्सा देखने को मिल रहा है। ऐसे में अब लोग ठेकेदार के खिलाफ शिकायत देने की तैयारी भी कर रहे हैं। हालांकि ठेकेदार द्वारा अपनी गलती को मानते हुए तुरंत ही गहरे गड्ढे को कवर किया गया और लोगों को आश्वस्त किया कि सुरक्षित तरीके से कार्य किया जाएगा। वहीं, नगर निगम के अधीक्षक अभियंता सचिन यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। ठेकेदार को नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा।