Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 22 Oct, 2026 08:20 PM

सेक्टर17ए इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक मकान में रहने वाला व्यक्ति दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया।
गुड़गांव, (ब्यूरो): सेक्टर17ए इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक मकान में रहने वाला व्यक्ति दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय राजबीर के रूप में हुई है। राजबीर मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के जागरा गांव के रहने वाले थे। वह पिछले करीब 10 वर्षों से गुरुग्राम के सेक्टर 17ए में रहने वाले कारोबारी दर्शन सिंह के यहां ड्राइवर के रूप में नौकरी कर रहे थे। सुरक्षा और सुविधा की दृष्टि से वह दर्शन सिंह की कोठी में ही दूसरी मंजिल पर बने सर्वेंट क्वार्टर में अकेले रहते थे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना मंगलवार शाम को घटी। राजबीर मकान के पिछले हिस्से में बनी घुमावदार लोहे की सीढ़ी के जरिए दूसरी मंजिल से नीचे उतर रहे थे। बताया जा रहा है कि उस वक्त उनके हाथ में एक थैला था। नीचे उतरते समय अचानक थैला सीढ़ी में फंस गया, जिसके कारण उनका संतुलन पूरी तरह से बिगड़ गया। वह खुद को संभाल नहीं पाए और अनियंत्रित होकर सीधे नीचे फर्श पर आ गिरे। इस के कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद उन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज शुरू हुआ। सिर में आई गंभीर चोटों और आंतरिक रक्तस्राव के कारण उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही। आखिरकार, बुधवार रात इलाज के दौरान राजबीर ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 17/18 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और आसपास के लोगों तथा मकान मालिक के बयान दर्ज कर हादसे के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।