Edited By Isha, Updated: 19 Apr, 2026 06:09 PM

बढ़ती गर्मी के बीच शहर के सेक्टर-5 स्थित झुग्गी-झोपड़ी इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। भीषण गर्मी और तेज लपटों के कारण आग इतनी तेजी से फैली
रेवाड़ी(महेंद्र भारती): बढ़ती गर्मी के बीच शहर के सेक्टर-5 स्थित झुग्गी-झोपड़ी इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। भीषण गर्मी और तेज लपटों के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि सैकड़ों झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं और आसपास के कई मकान भी प्रभावित हुए। आग इतनी भयानक थी कि झुग्गियों में रहने वाले लोगों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते घरों में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।
आग के दौरान गैस सिलेंडरों के फटने से जोरदार धमाके हुए, जिससे मौके पर दहशत का माहौल बन गया और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागते नजर आए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग के रौद्र रूप के सामने उनकी संख्या कम पड़ती नजर आई। इतना ही नहीं, दमकल कर्मियों को पानी की कमी का भी सामना करना पड़ा, जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई। यदि दमकल गाड़ियों की संख्या अधिक होती, तो आग को जल्द नियंत्रित किया जा सकता था।
मौके पर बड़ी संख्या में जुटी तमाशबीन भीड़ भी राहत एवं बचाव कार्य में बाधा बनती दिखी। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। शहर थाना और मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही और भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी रही। घटना की गंभीरता को देखते हुए एंबुलेंस भी मौके पर बुलाई गईं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। फिलहाल, प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार किसी जनहानि की सूचना नहीं है, जो एक राहत की बात है। प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्राथमिक तौर पर बढ़ती गर्मी और झुग्गियों में ज्वलनशील सामग्री की अधिकता को आग फैलने का प्रमुख कारण माना जा रहा है।