मुझसे सब प्यार करते हैं और मैं सब से प्यार करता हूं, पार्टी में ना पहले कोई फूट थी ना अब है :उदयभान

Edited By Isha, Updated: 06 May, 2022 10:52 AM

everyone loves me and i love everyone

लंबे समय से चल रही खींचतान के बाद हुड्डा की जीत के सामने आखिरकार सभी अन्य गुटों को नतमस्तक होना पड़ा। प्रदेशाध्यक्ष की ताजपोशी के बाद जहां भाजपा के लोग नवनियुक्त प्रधान को डमी और रिमोट कंट्रोल से चलने वाला बता रहे हैं, वहीं नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष...

चंडीगढ़(चंद्रशेखर धरणी): लंबे समय से चल रही खींचतान के बाद हुड्डा की जीत के सामने आखिरकार सभी अन्य गुटों को नतमस्तक होना पड़ा। प्रदेशाध्यक्ष की ताजपोशी के बाद जहां भाजपा के लोग नवनियुक्त प्रधान को डमी और रिमोट कंट्रोल से चलने वाला बता रहे हैं, वहीं नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष पूरी तरह से उत्साह में लवरेज हैं और दावा कर रहे हैं कि मेरे बनने से भाजपा की हवा खराब हो गई है। उन्होंने भाजपा को भारत जलाओ पार्टी बताते हुए नेपाल दौरे पर भाजपा की टिप्पणी को बेफिजूल और बिना औचित्य वाली बात कही। इसके साथ-साथ उन्होंने पार्टी के गुटों के नेताओं पर भी एक बड़ी टिप्पणी करते हुए वरिष्ठता के आधार पर अपने को सबसे अव्वल करार दिया और कहा कि इनमें से कोई भी व्यक्ति 4 बार से अधिक विधायक नहीं रहा। मैं चार बार विधायक रहा हूं और मेरा परिवार लगातार 95 साल से राजनीति में सक्रिय है। इसलिए मुझे किसी से वरिष्ठता का प्रमाण लेने की आवश्यकता नहीं। इस एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में कई गरमा गरम मुद्दों पर बातचीत हुई। कुछ अंश आपके सामने प्रस्तुत हैं:-

प्रशन:- बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के साथ आप मैदान में उतारे गए हैं, क्या-क्या प्राथमिकताएं और चुनौतियां मानते हैं ?
उत्तर:-
करीब 7-8 साल से कांग्रेस का संगठन नहीं बन पाया। सबसे पहला काम संगठन बनाना रहेगा। बूथ स्तर से प्रदेश स्तर तक पूरी कार्यकारिणी तैयार की जाएगी। ब्लॉक अध्यक्ष- जिला अध्यक्ष बेहतर -काबिल -कर्मठ कार्यकर्ताओं को बनाकर मजबूत संगठन तैयार किया जाएगा। प्रकोष्ठ में रिक्तियों को भरने के साथ-साथ प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ सड़कों की लड़ाई भी जारी रहेगी। आज प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी ने आम जनमानस को रुला दिया है। घोटालों की बाढ़ आई हुई है। बिजली से हाहाकार मचा हुआ है। कानून व्यवस्था कहीं नजर नहीं आ रही। 60 हजार करोड़ के कर्ज को इस सरकार ने तीन लाख करोड़ तक पहुंचा दिया, जबकि कहीं कोई विकास का काम नजर नहीं आ रहा। जनता के इन मुद्दों को हम प्राथमिकता के आधार पर उठाएंगे। 29 मई को फतेहाबाद सब्जी मंडी में "विपक्ष आपके समक्ष" के रूप में एक विशाल रैली का आयोजन मेरी अध्यक्षता में होगा। पूर्व में 5 लोकसभा क्षेत्रों में इस प्रकार की रैलियां की जा चुकी है। सिरसा लोकसभा के क्षेत्र फतेहाबाद में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आएंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को भी आमंत्रित किया जाएगा। रैली के माध्यम से क्षेत्र का जनसंपर्क सक्रिय होगा। हम सभी जगह ब्लॉक स्तर -जिला स्तर पर जाएंगे। लोकतंत्र की प्रक्रिया के हिसाब से मौजूदा सरकार के कारनामों को बेनकाब करने का हम काम करेंगे।

 

प्रशन:- ढाई साल से भी कम समय विधानसभा चुनावों को हैं, संगठन कब तक खड़ा कर देंगे ?
उत्तर:-
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी की ओर से इलेक्शन का शेड्यूल जारी हो चुका है। हम 3 महीने के अंदर अंदर जुलाई तक संगठन खड़ा कर देंगे।

प्रशन:- लंबे समय से कांग्रेस में आपसी फूट -वाद विवाद की चर्चाएं हैं। ट्वीट करने वाले साथी की नाराजगी को कैसे दूर किया जाएगा ?
उत्तर:-
कांग्रेस पार्टी में किसी भी प्रकार का असंतोष नहीं है। कुलदीप बिश्नोई ने मेरे चयन के खिलाफ कोई ट्वीट नहीं किया है। उन्होंने मात्र राहुल गांधी से बात करने की बात लिखी है। हमारी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से काम करती है। अपने नेतृत्व से बात करने का अधिकार सभी को है। उनकी कोई पीड़ा- कोई बात जो भी होगी वह राहुल गांधी से कहेंगे। इसमें किसी को कोई आपत्ति नहीं है। कुलदीप बिश्नोई मेरे साथी विधायक रहे हैं। उनके पिता- माता और भाई के साथ मैं विधायक रहा हूं। हमारे रिश्ते पारिवारिक हैं।मेरे पिताजी और उनके पिताजी भी इकट्ठे विधानसभा के सदस्य रहे हैं। हमारा आपसी कोई मतभेद नहीं है।

 

प्रशन:- उनकी पीड़ा को दूर करने में आप की क्या भूमिका रहेगी ?
उत्तर:-
मेरे स्तर की बात होती तो वह मुझसे बात करते। वह राहुल से बात करना चाहते हैं।

प्रशन:- राव निहाल सिंह के 50 साल बाद दक्षिण हरियाणा को प्रदेश अध्यक्ष जैसा नेतृत्व मिला, इसका क्या असर मानते हैं ?
उत्तर:-
दक्षिण हरियाणा में इस बात को लेकर जबरदस्त उत्साह- उमंग और जोश है। 50 साल के बाद प्रदेश अध्यक्ष का नंबर दक्षिण हरियाणा में पड़ा है। फरीदाबाद की रैली एक रेला का रूप ले गई। यह एक साक्षात उदाहरण है।

 

प्रशन:- दक्षिण हरियाणा में गई चौधर का रिएक्शन सबसे अधिक किस को होगा ?
उत्तर:-
भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में सिंगल डिजीज में रह जाएगी और कांग्रेस पार्टी तीन चौथाई सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी।

 

प्रशन:- जीटी रोड बेल्ट पर डेढ़ दशक से कमजोर रही कांग्रेस का रोड शो देखकर क्या महसूस हुआ ?
उत्तर:-
दिल्ली से चंडीगढ़ 4 घंटे के रास्ते को पार करने में 11 घंटे का समय लग गया, जबकि किसी पॉइंट पर कोई स्पीच नहीं की गई। मात्र रोड शो चलता रहा। पूरे हजूम में भारी उत्साह और जोश था। पूरा नौजवान सड़कों पर था। यह एक बड़ा प्रमाण है कि भाजपा के खिलाफ लोगों में कितना बड़ा गुस्सा है।प्रदेश में विकल्प के तौर पर मात्र कांग्रेस है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में प्रदेश में जो काम हुए- विकास हुए उसे नई ऊंचाइयों पर पहुंचाना है। उस समय को सभी लोग याद कर रहे हैं। नफरत की राजनीति से लोग परेशान हो चुके हैं। भ्रष्टाचार और घोटालों को सुनकर लोग ऊब चुके हैं। आए दिन रजिस्ट्री -शराब जैसे बड़े-बड़े घोटाले हो रहे हैं। फरीदाबाद नगर निगम में 200 करोड रुपए का घोटाला हुआ। लेकिन कार्यवाही कुछ नहीं हुई। एचपीएससी में करोड़ों रुपए के साथ एक अधिकारी को पकड़ा जाना एक प्रमाण है।

 

प्रशन:- आपके प्रदेशाध्यक्ष बनने से भाजपा में बेहद खुशी है। इसका कारण क्या है ?
उत्तर:-
वह खुश नहीं है। माथा पीट रहे हैं कि यह हुआ क्या? सूपड़ा साफ हो जाएगा। प्रदेश में इनकी हवा निकल गई है। कांग्रेस की लहर एक सुनामी और तूफान बन कर आएगी।

 

प्रशन:- चंडीगढ़ कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में लगातार रहने वाला वीरानापन क्या आपके बनने के बाद दूर होगा ?
उत्तर:-
अब से कांग्रेस कार्यालय में हमेशा कोई ना कोई वरिष्ठ नेता अवश्य रहेगा। मैं स्वयं हफ्ते में 2 दिन यहां मौजूद रहूंगा। वर्किंग प्रधान अपनी सुविधा अनुसार सप्ताह में एक-एक दिन रहेंगे। शनिवार और रविवार को छोड़कर यहां अवश्य हम लोगों के बीच में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। आप स्वयं देखोगे कि किस तरह से अब कांग्रेस चलती है और पार्टी में रौनक आती है।

 

 प्रशन:- पार्टी के कई वरिष्ठ नेता रोड शो में नहीं दिखे ?
उत्तर:-
हम सभी साथ में हैं। रणदीप सुरजेवाला ऑल इंडिया कांग्रेस के मीडिया प्रभारी हैं और उदयपुर में चिंतन शिविर में उनकी ड्यूटी लगी है। वह कल मध्यप्रदेश के जबलपुर में थे। इसी तरह सभी के काम बंटे हुए हैं। अपनी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन भी जरूरी है। किरण और श्रुति चौधरी दोनों मां बेटी कोरोना पॉजिटिव होने के कारण क्वॉन्टाइन है।

 

 प्रशन:- कुछ नेताओं में सुगबुगाहट है कि वरिष्ठता के आधार की अनदेखी हुई है ?
उत्तर:-
मेरे परिवार में 95 साल की राजनीति है। मेरे दादाजी ब्रिटिश शासनकाल के दौरान तीन बार होटल नगर पालिका के अध्यक्ष रहे हैं। मेरे दोनों बेटे पार्षद हैं और एक बेटा होड़ल नगर परिषद का चेयरमैन है। मैं स्वयं चार बार विधायक रहा। दो बार मेरे पिताजी विधायक रहे। मुझे किसी से वरिष्ठता का प्रमाण लेने की जरूरत नहीं है। 4 बार से अधिक इनमें से कोई भी विधायक नहीं है। मेरे परिवार से अधिक वरिष्ठता इनमें से किसी के पास नहीं है।

 

प्रशन:- धड़े बाजी की चर्चा को रोकने के लिए क्या करेंगे ?
उत्तर:-
हम सभी एकजुट हैं। ना कोई धड़े बाजी पहले थी और ना ही अब है। मुझसे सब प्यार करते हैं और मैं सब से प्यार करता हूं।

 

प्रशन:- राहुल की नेपाल यात्रा पर भाजपा बड़ी आक्रामक है ?
उत्तर:-
इन बातों का कोई औचित्य नहीं है। भाजपा के लोगों को कोई और काम नहीं है। यह भारत जलाओ पार्टी है। बेफिजूल की बातें करने वाले लोग हैं। नफरत पैदा करने में लगे रहते हैं। अगर कोई नेपाल गया है तो इन्हें क्या तकलीफ है।

 

 

Related Story

Trending Topics

IPL
Chennai Super Kings

176/4

18.4

Royal Challengers Bangalore

173/6

20.0

Chennai Super Kings win by 6 wickets

RR 9.57
img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!