Edited By Isha, Updated: 03 Mar, 2026 11:21 AM

रोहतक में होली की रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। अपराध जांच शाखा-2 (CIA-II) की टीम का पहरावर गांव के पास बदमाशों से आमना-सामना हुआ, जिसके दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।
रोहतक(दीपक): रोहतक में होली की रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। अपराध जांच शाखा-2 (CIA-II) की टीम का पहरावर गांव के पास बदमाशों से आमना-सामना हुआ, जिसके दौरान दोनों ओर से कई राउंड गोलियां चलीं।
मुठभेड़ के बाद CIA-II की टीम ने दो घायल बदमाशों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान प्रदीप डागर (निवासी झाड़ौदा, दिल्ली) और सोमबीर (निवासी मदीना) के रूप में हुई है। दोनों को उपचार के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया है। प्रदीप डागर को दोनों पैरों में जबकि सोमबीर को एक पैर में गोली लगी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों के तार हाल ही में हुए प्रॉपर्टी डीलर सत्यवान हत्याकांड से जुड़े हैं। हत्या के बाद बदमाशों ने शव देने से इनकार कर दिया था और सोशल मीडिया पर धमकी भरी पोस्ट भी वायरल हुई थी।
बताया जा रहा है कि इससे पहले पुलिस इस मामले में दो बदमाशों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं हत्या के पांचवें दिन जवाहर लाल नेहरू कैनाल से सत्यवान का शव बरामद हुआ था। आरोपियों ने शव को पत्थर बांधकर नहर में फेंक दिया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।