कैथल में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, लूट कर भाग रहे थे बदमाश... 3 की टांगों में लगी गोली

Edited By Manisha rana, Updated: 13 Jun, 2026 11:08 AM

encounter between police and criminals in kaithal

कैथल में आज सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में तीन बदमाशों को गोली लगने की सूचना है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है।

कैथल (जयपाल रसूलपुर) : कैथल में आज सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में तीन बदमाशों को गोली लगने की सूचना है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है। देर रात होटल में बंदूक के बल पर लूट और उसके बाद एक व्यक्ति से स्कूटी व नकदी छीनने की वारदात के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चार बदमाशों ने आज सुबह तड़के करीब साढ़े तीन बजे कैथल के एक होटल में हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। इसके करीब एक घंटे बाद बदमाशों ने एक अन्य व्यक्ति से उसकी स्कूटी और करीब 50 हजार रुपये की नकदी भी छीन ली। घटनाओं की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। सीआईए कलायत और एवीटी कैथल की टीमों ने संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस को बदमाशों की लोकेशन मिलने के बाद पहली मुठभेड़ कैथल स्थित शुगर मिल के पास हुई। बताया जा रहा है कि इस दौरान दोनों ओर से फायरिंग हुई, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें काबू कर उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

इसके बाद पुलिस ने अन्य फरार आरोपियों का पीछा जारी रखा। दूसरी मुठभेड़ सुबह करीब सवा सात बजे गांव ग्योंग के खेतों में हुई। यहां भी पुलिस और बदमाशों के बीच आमना-सामना हुआ, जिसमें तीसरे बदमाश को गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार चौथा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। आस-पास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है और पुलिस की विशेष टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जुटी हुई हैं।

फिलहाल गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के बाद कई अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस द्वारा जल्द ही पूरे घटनाक्रम को लेकर आधिकारिक बयान जारी किए जाने की संभावना है। वहीं दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई और मुठभेड़ों की खबर से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

 

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)               

 

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!