Edited By Krishan Rana, Updated: 25 Feb, 2026 04:53 PM

पलवल कैम्प थाना क्षेत्र शमशाबाद नई बस्ती इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई
पलवल (गुरुदत्त गर्ग) : पलवल कैम्प थाना क्षेत्र शमशाबाद नई बस्ती इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की उसके ही घर में निर्मम हत्या कर दी गई। अत्यधिक रक्तस्राव से महिला की मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान गजना पत्नी स्वर्गीय रघुवीर के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ रह रही थीं। उनके तीन बेटे हैं। एक बेटा काम पर चला गया था, बेटियां स्कूल गई हुई थीं और पुत्रवधू भागो भी काम पर गई थी। इसी बीच करीब 10 बजे पड़ोसियों को महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली।
घटना के बाद से मृतका का बेटा फरार
घटनास्थल पर जुटी भीड़ में आपसी चर्चाओं के दौरान कुछ लोग अनौपचारिक रूप से मृतका के बेटे पर शक जता रहे थे, हालांकि कैमरे के सामने किसी ने भी खुलकर कुछ कहने से परहेज किया। मृतका की पौत्री और पड़ोसी ने राज खोलते हुए घर में झगड़े होते रहने की बात कही है। वहीं इस घटना के बाद से बेटा नानक फरार है जिससे शक उसी पर गहरा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।दिनदहाड़े घर के अंदर हुई इस निर्मम हत्या ने क्षेत्रवासियों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)