Edited By Harman, Updated: 01 Oct, 2026 11:04 AM

पलवल के गदपुरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर चलती स्कॉर्पियो और बलेनो कार से बाहर निकलकर स्टंटबाजी करने का वीडियो सामने आया है।
फरीदाबाद (अनिल राठी) : पलवल के गदपुरी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर चलती स्कॉर्पियो और बलेनो कार से बाहर निकलकर स्टंटबाजी करने का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ युवक दोनों कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर पर्चे उड़ाते नजर आ रहे हैं। गांव बघोला के पास एक वाहन चालक ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और स्टंट में इस्तेमाल दोनों वाहनों को इंपाउंड कर लिया।
खिड़कियों से बाहर निकलकर उड़ाए पर्चे
बघोला चौकी प्रभारी सतबीर के अनुसार, पुलिस के पास स्टंटबाजी का वीडियो पहुंचा था। इसमें युवक चलती कारों की खिड़कियों से बाहर निकलकर पर्चे उड़ाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो के आधार पर पुलिस ने वाहनों और युवकों की पहचान शुरू की। जांच में सामने आया कि युवक कॉलेज में पढ़ते हैं और एलएलबी की पढ़ाई कर रहे हैं।
दोस्त की चुनावी जीत का जश्न मनाने जा रहे थे
पुलिस जांच के अनुसार, युवक पृथला गांव में रहने वाले अपने दोस्त के घर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नेशनल हाईवे पर चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंटबाजी शुरू कर दी। बताया गया कि पृथला निवासी उनके दोस्त ने किसी चुनाव में जीत हासिल की थी और युवक उसकी जीत का जश्न मनाने के लिए उसके घर जा रहे थे।
तीन युवकों को राउंडअप किया
पुलिस के अनुसार, वीडियो 29 सितंबर का है। जांच के बाद मोहन नगर, हुड्डा सेक्टर-2 और पृथला निवासी तीन युवकों को राउंडअप किया गया। पूछताछ के दौरान युवकों ने अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में इस तरह की स्टंटबाजी नहीं करने की बात कही।
पुलिस ने युवकों को चेतावनी देकर छोड़ दिया, जबकि स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और बलेनो दोनों कारों को इंपाउंड कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि हाईवे पर इस तरह की लापरवाही से स्टंट करने वालों के साथ-साथ दूसरे वाहन चालकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।