कुरुक्षेत्र में डॉ. सुखबीर सिंह की री-एम्प्लॉयमेंट बहाल, हरियाणा सरकार ने 52 दिन बाद आदेश वापस लेने के दिए निर्देश

Edited By Harman, Updated: 27 Aug, 2026 01:44 PM

dr sukhbir singh reinstated in kurukshetra

हरियाणा सरकार ने कुरुक्षेत्र के पूर्व सिविल सर्जन एवं स्वास्थ्य विभाग के पूर्व डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज (DHS) डॉ. सुखबीर सिंह की री-एम्प्लॉयमेंट समाप्त करने का 3 जुलाई को जारी आदेश वापस ले लिया है।

कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा) : हरियाणा सरकार ने कुरुक्षेत्र के पूर्व सिविल सर्जन एवं स्वास्थ्य विभाग के पूर्व डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज (DHS) डॉ. सुखबीर सिंह की री-एम्प्लॉयमेंट समाप्त करने का 3 जुलाई को जारी आदेश वापस ले लिया है। स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) डॉ. सुमिता मिश्रा की ओर से 24 अगस्त 2026 को जारी आदेश में 3 जुलाई के सेवा समाप्ति आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही डॉ. सुखबीर सिंह की पहले दी गई री-एम्प्लॉयमेंट दोबारा प्रभावी हो गई है।

28 फरवरी को हुए थे रिटायर

डॉ. सुखबीर सिंह 28 फरवरी 2026 को डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद सरकार ने 2 मार्च को उन्हें एक्स-कैडर पद पर दोबारा नियुक्त करने के आदेश जारी किए थे। यह नियुक्ति 1 मार्च 2026 से 28 फरवरी 2027 तक एक वर्ष के लिए की गई थी। री-एम्प्लॉयमेंट के दौरान उन्हें कुरुक्षेत्र के जिला सिविल सर्जन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया था।

3 जुलाई को तत्काल प्रभाव से खत्म हुई थी सेवा

जून में कुरुक्षेत्र के लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल की ओपीडी-46 में 15 वर्षीय नाबालिग से कंसल्टेंट डॉक्टर शैलेंद्र शर्मा शैली पर दुष्कर्म के आरोप का मामला सामने आया था। इसके बाद अस्पताल और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठे थे।

इसी घटनाक्रम के बीच स्वास्थ्य विभाग ने 3 जुलाई को डॉ. सुखबीर सिंह की री-एम्प्लॉयमेंट तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश जारी किए थे। उन्हें सिविल सर्जन के पद से भी हटा दिया गया था। हालांकि, सेवा समाप्ति के उस आदेश में कार्रवाई का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया गया था।

52 दिन बाद सरकार ने वापस लिया आदेश

अब करीब 52 दिन बाद सरकार ने अपने ही पुराने आदेश को वापस ले लिया है। 24 अगस्त को जारी नए आदेश में 3 जुलाई को डॉ. सुखबीर सिंह की री-एम्प्लॉयमेंट समाप्त करने संबंधी आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस लेने की बात कही गई है। इससे उनकी पूर्व निर्धारित री-एम्प्लॉयमेंट फिर से प्रभावी हो गई है।

अगली जिम्मेदारी पर स्थिति स्पष्ट नहीं

सरकार के नए आदेश के बाद अब सबसे बड़ा सवाल उनकी अगली जिम्मेदारी को लेकर है। यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उन्हें दोबारा कुरुक्षेत्र के जिला सिविल सर्जन का प्रभार दिया जाएगा या स्वास्थ्य विभाग के निदेशक कार्यालय में एक्स-कैडर पद पर ही सेवाएं ली जाएंगी। इस पूरे घटनाक्रम में महज तीन महीने के भीतर डॉ. सुखबीर सिंह के रिटायरमेंट, री-एम्प्लॉयमेंट, सेवा समाप्ति और फिर री-एम्प्लॉयमेंट बहाल होने के आदेश सामने आए हैं।

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!