Edited By Isha, Updated: 19 Jun, 2026 12:44 PM

प्रदेश सरकार ने महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लीनिक' पहल के तहत हरियाणा के आठ जिला नागरिक अस्पतालों में फुल फील्ड डिजिटल मैमोग्राफी (FFDM)
चंडीगढ़: प्रदेश सरकार ने महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। 'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लीनिक' पहल के तहत हरियाणा के आठ जिला नागरिक अस्पतालों में फुल फील्ड डिजिटल मैमोग्राफी (FFDM) मशीनें स्थापित की जाएंगी। इस आधुनिक तकनीक के आने से अब महिलाओं को स्तन कैंसर (Breast Cancer) की समय पर जांच कराने के लिए दूसरे बड़े शहरों या निजी सेंटरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। वे अपने ही जिले में यह जांच करवा सकेंगी।
इन 8 जिलों को मिलेगा लाभ
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि पहले चरण में यह आधुनिक मशीनें निम्नलिखित जिलों के नागरिक अस्पतालों (Civil Hospitals) में लगाई जाएंगी:
- पंचकूला
- रेवाड़ी
- सोनीपत
- कुरुक्षेत्र
- पानीपत
- करनाल
- नारनौल
- गुरुग्राम
क्यों खास है FFDM तकनीक?
समय पर जांच से बच सकती है जान: फुल फील्ड डिजिटल मैमोग्राफी (FFDM) स्तन कैंसर का शुरुआती स्टेज में ही पता लगाने की एक बेहद सटीक और आधुनिक तकनीक है। इसकी मदद से बहुत छोटे ट्यूमर या गांठ को भी आसानी से स्क्रीन किया जा सकता है, जिससे समय रहते इलाज शुरू करना मुमकिन हो जाता है।
'स्वस्थ नारी सशक्त परिवार' मुहिम को मिलेगी मजबूती
इस कदम से राज्य की स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा। स्थानीय स्तर पर ही इतनी बड़ी और महत्वपूर्ण जांच की सुविधा मिलने से ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को समय और पैसे दोनों की बचत होगी, साथ ही महिलाओं में अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।