Edited By Saurabh Pal, Updated: 13 Jul, 2023 03:04 PM

हरियाणा कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष उदय भान ने यमुनानगर, जगाधरी, रादौर, साढोरा विधानसभा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इसके पश्चात पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बाढ़ से हालात भयावह हैं...
यमुनानगर (सुमित ओबेरॉय) : हरियाणा कांग्रेस के प्रांतीय अध्यक्ष उदय भान ने यमुनानगर, जगाधरी, रादौर, साढोरा विधानसभा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इसके पश्चात पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बाढ़ से हालात भयावह हैं। लोगों के पास खाने-पीने का सामान नहीं है, पशुओं का चारा नहीं है। ऐसे लोगों को तुरंत राहत दिलवाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस का एक शिष्टमंडल कल राज्यपाल से मिलेगा।
उदय भान ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा की लापरवाही के चलते यमुनानगर ही नहीं हरियाणा के लोगों को बाढ़ का सामना करना पड़ा है।कांग्रेस नेता ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने के पश्चात यमुनानगर के निजी होटल में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष उदय भान ने पत्रकार वार्ता करते हुए कहा कि उन्होंने यमुनानगर जिले के रादौर, सढोरा, यमुनानगर के बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया है। स्थिति रोंगटे खड़े करने वाली है। बाढ़ ग्रस्त इलाकों में लोग चिंतित हैं और उनके पास खाने-पीने का सामान नहीं है। पैसे नहीं हैं अधिकांश लोग गरीब हैं तथा पशुओं का चारा तक नहीं है।
इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि पशुओं के चारे के लिए लोगों द्वारा स्टॉक की हुई तुड़ी बाढ़ के पानी में बह गई। सभी रास्ते बंद हो गए हैं। लोगों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह कुदरत का कहर तो है ही, लेकिन इसका मुख्य कारण भाजपा सरकार की लापरवाही है। क्योंकि यमुनानगर की सरस्वती, पथराला , चंतग आदि नदी, नालों की देखरेख व रखरखाव ठीक से नहीं हुआ। सरस्वती नदी के नाम पर आवंटित 1400 करोड़ रुपए कहां गए?।
इस दौरान उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि दादूपूर दल्वी नहर क्षेत्र के लोगों की डिमांड थी। जिसे हुड्डा सरकार ने बनवाया था तथा इस पर कई सौ करोड़ भी लग चुके थे। लेकिन हरियाणा सरकार ने उसे बंद करवा दिया। इतना ही नहीं यमुना के साथ लगे क्षेत्रों में हथिनी कुंड से ज्यादा पानी छोड़ने से लोगों को बाढ़ का सामना करना पड़ा। जिसके चलते फसलें भी नष्ट हो गईं। उन्होंने कहा कि यमुना का तटबंध टूटने के कारण बाढ़ आई है। क्योंकि पिछले 10 वर्षों से यमुना के तटों को मजबूत करने के लिए एक भी स्टड नहीं लगाया गया। यमुना के किनारे मजबूत नहीं किए गए।
कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान ने कहा कि यमुनानगर से होडल तक पिछले 9 वर्षों में एक भी स्टड नहीं लगा। यदि लगा हो तो भाजपा बताए। कांग्रेस नेता ने कहा कि बाढ़ के बाद पानी सूखने से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कई बीमारियां पैदा होंगी। उसके लिए भी प्रशासन को तुरंत ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने मांग की कि हरियाणा सरकार हेलीकॉप्टर से बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन पानी तो उपलब्ध करवाए ही साथ ही पशुओं के चारे का भी प्रबंध करे।
इस संबंध में हम कल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में हरियाणा के राज्यपाल से भी मिलेंगे। एक प्रश्न के उत्तर में एक महिला द्वारा जजपा विधायक को थप्पड़ मारने का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि जनता को जनप्रतिनिधियों से दुर्व्यवहार नहीं करना चाहिए। यह गलत है हां जनता के मन में यदि किसी तरह का सवाल जवाब है तो वह उससे पूछ सकती है। लेकिन हाथापाई करना गलत है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)