Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 16 Jul, 2025 08:36 PM

कांग्रेसी खुद को सुप्रीम कोर्ट से भी ऊपर मानते हैं। फरीदाबाद में जो हालात हुए हैं वह हालात कांग्रेस की देन है। फरीदाबाद में समस्या को जन्म देने वाले लोग ही आज विरोध कर रहे हैं।
गुड़गांव, (ब्यूरो): कांग्रेसी खुद को सुप्रीम कोर्ट से भी ऊपर मानते हैं। फरीदाबाद में जो हालात हुए हैं वह हालात कांग्रेस की देन है। फरीदाबाद में समस्या को जन्म देने वाले लोग ही आज विरोध कर रहे हैं। प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार केवल सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन कर रही है। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कही। वे गुड़गांव में आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर व अन्य विधायकों के साथ बैठक करने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर टच करें।
सीएम नायब सैनी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण करना हमारा दायित्व है और फरीदाबाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करने के लिए ही कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पार्टी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेसियों ने केवल समस्या को जन्म दिया है। आज समस्या को जन्म देने वाले ही विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस ने कभी सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का सम्मान नहीं किया। उन्होंने राज्यपाल, उपराज्यपाल का भी सम्मान नहीं किया। कभी संसद का सम्मान भी नहीं किया। यहां तक कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी सम्मान नहीं किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपने कार्यकाल के दौरान भ्रष्टाचार में ही फंसी रही, परंतु देश के विकास की तरफ कुछ नहीं सोचा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के 11 वर्षों के कार्यकाल में कई विकास कार्य हुए हैं। 11 वर्षों बाद आज देश में विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं। प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए कार्य किया है। जहां प्रधानमंत्री देश को विकास की दिशा में अग्रसर कर रहे हैं, वहीं, कांग्रेस इस विकास में रोड़ा बन रही है। देश की आजादी के बाद विकास की दिशा में अगर किसी ने कार्य किया है तो उसका नाम नरेंद्र मोदी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, विधायक दल सहित कुछ गणमान्य लोगों ने उनसे मुलाकात कर समस्या उनके सामने रखी है उसको वह सुप्रीम कोर्ट की सीसी कमेटी के समक्ष रखेंगे ताकि वह पूरी स्थिति से सुप्रीम कोर्ट को अवगत करा सके। उन्होंने कहा कि अनंगपुर गांव सैकड़ों वर्षों से बसा हुआ है। इस गांव में सैकड़ों गरीब परिवार भी रहते हैं। ऐसे में वह कोर कमेटी के माध्यम से सुप्रीम कोर्ट को अवगत कराएंगे कि वह अपने इस फैसले पर पुर्नविचार करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार पर्यावरण संरक्षण और विकास को साथ लेकर चलती है। प्रयास रहता है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों को साथ लेकर चला जाए।