सोनीपत की बेटी अदिति श्योराण को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे सम्मानित, वजह है बेहद खास

Edited By Isha, Updated: 07 Mar, 2026 05:42 PM

chief minister nayab singh saini will honor sonipat s daughter aditi sheoran

हरियाणा की बेटियाँ खेलों के मैदान में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में सोनीपत के दुभेटा गांव की होनहार क्रिकेटर अदिति श्योराण ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश का नाम रोशन किया है

सोनीपत: हरियाणा की बेटियाँ खेलों के मैदान में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में सोनीपत के दुभेटा गांव की होनहार क्रिकेटर अदिति श्योराण ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। अदिति की इन्हीं उपलब्धियों को देखते हुए हरियाणा सरकार उन्हें 8 मार्च 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सिरसा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में विशेष रूप से सम्मानित करेगी।

सिरसा के सीडीएलयू (CDLU) मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। इस दौरान अदिति को उनकी खेल उपलब्धियों के लिए सरकार की ओर से प्रशंसा पत्र और नकद पुरस्कार (Cash Award) प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री के हाथों मिलने वाला यह सम्मान न केवल अदिति के लिए बल्कि पूरे सोनीपत जिले के लिए गौरव का क्षण होगा।

अदिति श्योराण की सबसे बड़ी खासियत उनकी बहुमुखी प्रतिभा है। उन्होंने केवल एक खेल तक खुद को सीमित नहीं रखा। अदिति स्टेट, नेशनल और प्रतिष्ठित BCCI स्तर पर चंडीगढ़ महिला टीम की ओर से खेल चुकी हैं। वह चंडीगढ़ अंडर-19 टीम की कप्तानी भी कर चुकी हैं और अपनी घातक गेंदबाजी व बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं।अदिति ने क्रिकेट के अलावा दो अन्य खेलों में भी राष्ट्रीय स्तर (National Level) पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

अदिति ने अपनी ट्रेनिंग चंडीगढ़ की सेक्टर-16 क्रिकेट एकेडमी से प्राप्त की है। गौरतलब है कि वह इस एकेडमी में दाखिला लेने वाली पहली महिला खिलाड़ी थीं, जहाँ उन्होंने लड़कों के साथ अभ्यास कर अपनी खेल तकनीक को मजबूत किया। इससे पहले भी उन्हें गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर राज्य और जिला स्तर पर सम्मानित किया जा चुका है। अदिति के सम्मानित होने की खबर से उनके पैतृक गांव दुभेटा में उत्सव का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि अदिति ने यह साबित कर दिया है कि अगर बेटियों को सही अवसर और प्रोत्साहन मिले, तो वे आसमान छू सकती हैं।

Related Story

Trending Topics

img title
img title

Be on the top of everything happening around the world.

Try Premium Service.

Subscribe Now!