Edited By Krishan Rana, Updated: 18 Jun, 2026 08:09 PM

हरियाणा के पंचकूला नगर निगम फंड घोटाले में IAS अधिकारी राम कुमार सिंह को गिरफ्तार
हरियाणा डेस्क : हरियाणा के पंचकूला नगर निगम फंड घोटाले में IAS अधिकारी राम कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी हुई है। उन पर नगर निगम पंचकूला के सरकारी धन के दुरुपयोग और गबन का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, राम कुमार सिंह उस समय पंचकूला नगर निगम के आयुक्त (कमिश्नर) के पद पर कार्यरत थे, जब कथित वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम दिया गया। CBI की जांच में आरोप है कि उन्होंने बैंक अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर नगर निगम की राशि को फर्जी फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के नाम पर निजी शेल कंपनियों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
जांच एजेंसी के मुताबिक, नगर निगम पंचकूला का बैंक खाता सेक्टर-32 स्थित IDFC फर्स्ट बैंक शाखा में वित्त विभाग, हरियाणा सरकार के दिशा-निर्देशों की अनदेखी करते हुए खोला गया था। आरोप है कि खाते से जुड़े दस्तावेजों में जानबूझकर ऐसी प्रविष्टियां की गईं, जिससे बाद में होने वाले संदिग्ध लेनदेन को छिपाया जा सके।
मामला उजागर होने के बाद हरियाणा सरकार ने 9 अप्रैल 2026 को राम कुमार सिंह को निलंबित कर दिया था। गिरफ्तारी से पहले वे राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव तथा पंचकूला मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMDA) में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी के पद पर कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि जुलाई 2025 से जनवरी 2026 के दौरान उन्होंने पंचकूला नगर निगम आयुक्त के रूप में भी कार्य किया था। CBI अब मामले में अन्य अधिकारियों, बैंक कर्मचारियों और कथित लाभार्थियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। जांच एजेंसी ने कहा है कि सार्वजनिक धन की हेराफेरी में शामिल सभी व्यक्तियों की जवाबदेही तय की जाएगी और गबन की गई राशि के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जाएगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)