Edited By Krishan Rana, Updated: 04 May, 2026 03:59 PM

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा ने सोमवार को पंचकूला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार और भाजपा पर
पंचकूला (उमंग) : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपिंदर सिंह हुड्डा ने सोमवार को पंचकूला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान सांसद वरुण मुलाना, राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, विधायक चंद्रमोहन बिश्नोई और पंचकूला मेयर उम्मीदवार सुधा भारद्वाज समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और उम्मीदवार भी मौजूद रहे।
हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के तीन नगर निगमों में चुनाव हो रहे हैं और माहौल पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि पंचकूला में कांग्रेस का मेयर उम्मीदवार मजबूत है और यहां पार्टी की जीत तय है। हुड्डा ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 11 वर्षों में प्रदेश में विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि सड़कों की हालत खराब है और पंचकूला, जो प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ से सटा हुआ है, वहां भी विकास नहीं दिखता।
उन्होंने पंचकूला नगर निगम में 160 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया। हुड्डा ने कहा कि इस मामले में छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि असली जिम्मेदारों को बचाया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के मेयर उम्मीदवार के पास पहले सड़कों के निर्माण का ठेका था और सड़कों की हालत खुद इसकी गवाही देती है।
हुड्डा ने कहा कि 1966 से 2014 तक हरियाणा पर 60 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था, जो अब बढ़कर करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और अपराध दर को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि हरियाणा देश के सबसे असुरक्षित राज्यों में शामिल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में संगठित अपराध और रंगदारी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
नेता विपक्ष आगे कहा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का गठन आम लोगों को प्लॉट देने के लिए किया गया था, लेकिन अब नीलामी में प्रॉपर्टी डीलर प्लॉट खरीद रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग वंचित हो रहे हैं।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर हुड्डा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि 2023 में बिल पास होने के बावजूद 2026 में नोटिफिकेशन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने इसे परिसीमन से जोड़कर लागू करने में देरी की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने निगम चुनाव में 5 में से 4 जगह महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है।
पांच राज्यों के चुनावों के असर पर हुड्डा ने कहा कि जैसे पश्चिम बंगाल में लंबे समय से सत्ता में रही पार्टी के खिलाफ एंटी-इनकंबेंसी का फायदा भाजपा को मिला, उसी तरह हरियाणा में 11 साल से सत्ता में बैठी भाजपा के खिलाफ माहौल कांग्रेस के पक्ष में जाएगा। हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में व्यापारियों से रंगदारी मांगी जा रही है और कई मामलों में फिरौती की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े होते हैं।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)