Edited By Krishan Rana, Updated: 30 Mar, 2026 09:24 PM

जिले के गांव ढालियावास स्थित प्राथमिक विद्यालय में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में
रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : जिले के गांव ढालियावास स्थित प्राथमिक विद्यालय में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। भीम आर्मी भारत एकता मिशन संस्था द्वारा पुलिस को शिकायत दिए जाने के बाद आरोपी अध्यापक ने समाज और पुलिस के सामने हाथ जोड़कर माफी मांग ली। आरोपी अध्यापक शिव कुमार ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि “जो हुआ, वह जीवन में फिर कभी नहीं होगा।
जानकारी के अनुसार, मामले के सामने आने के बाद समाज के लोगों में भारी रोष फैल गया था। इसके बाद भीम आर्मी भारत एकता मिशन संस्था के पदाधिकारियों ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी अध्यापक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
शिकायत के बाद पुलिस ने समाज के प्रतिनिधियों, स्कूल स्टाफ और दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई। इसी दौरान अंबेडकर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले अध्यापक ने सार्वजनिक रूप से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए कहा कि यह उसकी पहली और आखिरी गलती है तथा भविष्य में वह इस प्रकार की भूल दोबारा नहीं करेगा।
आरोपी अध्यापक के इस बयान के बाद क्षेत्र में बना तनाव कुछ कम हुआ है।।पुलिस ने भी दोनों पक्षों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और शांति कायम रखने की अपील की है। वहीं भीम आर्मी भारत एकता मिशन संस्था के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले मामलों में समय रहते आवाज उठाना जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी शिक्षण संस्थान में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों।
फिलहाल पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि स्कूल का माहौल शांतिपूर्ण, सम्मानजनक और अनुशासित बना रहे।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)