Edited By Gourav Chouhan, Updated: 04 Mar, 2023 07:55 PM

हरियाणा के पंचकूला से चंडीगढ़ जाने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बने सरपंचों पर आज सरकार सख्त हो गई है। सख्ती के बाद सरपंचों ने एक तरफ का रास्ता खोल दिया है...
पंचकूला (चन्द्रशेखर धरणी) : हरियाणा के पंचकूला से चंडीगढ़ जाने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बने सरपंचों पर आज सरकार सख्त हो गई है। सख्ती के बाद सरपंचों ने एक तरफ का रास्ता खोल दिया है। इसके बावजूद सरपंचों का धरना लगातार जारी है। सरपंचों द्वारा पंचकूला-चंडीगढ़ सीमा पर धरना दिए जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हरियाणा सरकार द्वारा ई-टेंडरिंग लागू किए जाने के विरोध में प्रदेश के सरपंचों द्वारा एक मार्च से पंचकूला-चंडीगढ़ सीमा पर धरना दे रहे हैं। रोजाना हजारों की संख्या में लोग चंडीगढ़ स्थित दफ्तरों में जाते हैं। इसके अलावा रोजाना करीब 50 हजार लोगों को चंडीगढ़ व पंचकूला में आवागमन होता है। सरपंचों द्वारा दिए जा रहे धरने के कारण पंचकूला के सेक्टर-17 में रहने वाले लोग खासे परेशान हो रहे थे। यहां के लोगों ने इस बारे में पंचकूला जिला प्रशासन तथा विधानसभा स्पीकर को भी शिकायत दी थी।
सरपंचों द्वारा रास्ता ब्लॉक किए जाने पर एसीपी कम कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने शनिवार को उन्हें नोटिस जारी करके दो घंटे के भीतर-भीतर सडक़ खाली करने के निर्देश दिए गए। यह भी चेतावनी दी गई कि अगर वह दिए टाइम में रोड खाली नहीं करेंगे तो रविवार 10 बजे उन सभी को एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के समक्ष अपने बयान दर्ज करवाने होंगे।
सरकार की सख्ती के बाद सरपंच पीछे हट गए। उनकी चंडीगढ़ और पंचकूला के पुलिस अधिकारियों के साथ एक बैठक हुई। जिसके बाद सरपंच एक तरफ का रास्ता खोलने के लिए राजी हो गए। पुलिस के साथ हुए समझौते पर सरपंचों ने हस्ताक्षर किए हैं ताकि कल इस बारे में पुलिस या प्रशासन कोई सख्त फैसला न ले। इस बारे में सरपंच एसोसिएशन हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह ने कहा धरना जारी रहेगा और वह सभी एक तरफ ही बैठे रहेंगे। सरपंच शांति पूर्वक तरीके से अपनी मांगों को लेकर दूसरी तरफ प्रदर्शन करेंगे। अब चंडीगढ़ से पंचकूला जाने वाला रास्ता खोल दिया गया है।
(हरियाणा की खबरें टेलीग्राम पर भी, बस यहां क्लिक करें या फिर टेलीग्राम पर Punjab Kesari Haryana सर्च करें।)