Edited By Harman, Updated: 15 May, 2026 05:59 PM

फरीदाबाद जिले के दिल्ली-मथुरा रोड स्थित Wipro कंपनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कंपनी के ऑफिस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धीरे-धीरे पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि धुएं का...
फरीदाबाद (अनिल राठी) : फरीदाबाद जिले के दिल्ली-मथुरा रोड स्थित Wipro कंपनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कंपनी के ऑफिस में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और धीरे-धीरे पूरी कंपनी को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
बताया जा रहा है कि कंपनी प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की करीब पांच गाड़ियां और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग पर काबू पाने के लिए करीब 10 से ज्यादा दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया। आग इतनी भयावह थी कि उसे बुझाने में करीब दो से तीन घंटे का समय लग गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग सबसे पहले कंपनी के ऑफिस हिस्से में लगी थी, जिसके बाद धीरे-धीरे उसने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के दौरान कंपनी में मौजूद कर्मचारियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। हालांकि समय रहते कर्मचारियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

प्रत्यक्षदर्शी जय शंकर मिश्रा ने बताया कि आग बहुत तेजी से फैली और कुछ ही देर में पूरा परिसर धुएं से भर गया। उन्होंने बताया कि कंपनी में रखा करोड़ों रुपये का सामान आग में जलकर पूरी तरह राख हो गया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें दूर से ही दिखाई दे रही थीं। फिलहाल फायर विभाग और पुलिस की टीम आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह साफ हो पाएगी।