Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 06 Oct, 2026 09:02 PM

शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम की वित्त एवं संविदा कमेटी (एफएंडसीसी) ने 47.26 करोड़ रुपये के नौ कार्यों को मंजूरी दी है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): शहर की सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए नगर निगम गुरुग्राम की वित्त एवं संविदा कमेटी (एफएंडसीसी) ने 47.26 करोड़ रुपये के नौ कार्यों को मंजूरी दी है। मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कमेटी की 10वीं बैठक में सभी छह जोन में अतिरिक्त मानवबल व मशीनरी, सीएंडडी वेस्ट के डोर-टू-डोर कलेक्शन और मैकेनिकल रोड स्वीपिंग सहित कई प्रस्तावों पर मुहर लगी। बैठक में सीनियर डिप्टी मेयर धर्मबीर भांगरोला, डिप्टी मेयर अनूप सिंह, एफएंडसीसी सदस्य सुंदर सिंह व आशीष गुप्ता, निगमायुक्त प्रदीप दहिया और निगम सचिव डॉ. सिद्धार्थ खंडेलवाल सहित अधिकारी मौजूद रहे।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
सभी छह जोन में अतिरिक्त मानवबल एवं मशीनरी उपलब्ध कराने पर करीब 27.35 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रत्येक जोन के लिए 455.89 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत ट्रैक्टर-ट्रॉली, जेसीबी सहित अन्य संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, 500 टन प्रतिदिन सीएंडडी वेस्ट के डोर-टू-डोर कलेक्शन के लिए करीब 4.34 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। रोजाना निकलने वाले कचरे की प्रोसेसिंग के लिए चार सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर शेड विकसित किए जाएंगे। इस पर करीब 9.92 करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्रमुख सड़को की सफाई के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन व रखरखाव को भी मंजूरी दी गई है। छह महीने के लिए इस कार्य पर 5.64 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि सफाई एवं कचरा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। इन कार्यों से सभी छह जोन में अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे। सीएंडडी वेस्ट के डोर-टू-डोर कलेक्शन और कचरा प्रोसेसिंग के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर बढऩे से व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। मैकेनिकल रोड स्वीपिंग के प्रभावी संचालन से प्रमुख सडक़ों की सफाई भी बेहतर होगी।