Edited By Gaurav Tiwari, Updated: 19 Feb, 2026 07:31 PM

दिल्ली से चोरी हुई पिकअप गाड़ी के मामले में नूंह जिला पुलिस के सहयोग से दिल्ली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है । इस कार्रवाई में एक पिता और उसके दो बेटों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके दिल्ली पुलिस के हवाले किया गया है।
नूंह, (ब्यूरो): दिल्ली से चोरी हुई पिकअप गाड़ी के मामले में नूंह जिला पुलिस के सहयोग से दिल्ली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है । इस कार्रवाई में एक पिता और उसके दो बेटों सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके दिल्ली पुलिस के हवाले किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली के सराय रोहिल्ला रोहतक रोड क्षेत्र से नंदन कुमार साहू की पिक-अप गाड़ी चोरी हो गई थी। इस संबंध में थाना डी.बी.जी. रोड, जिला सेंट्रल दिल्ली में मुकदमा तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान दिल्ली पुलिस को तकनीकी माध्यमों से सुराग मेवात क्षेत्र में मिला, जिसके बाद नूंह जिला पुलिस से सहयोग मांगा गया। नूंह पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और नीमका, थाना बिछोर निवासी तीन आरोपियों को काबू किया। काबू किए गए की पहचान इरशाद पुत्र इलियास, मौसम पुत्र इरशाद और परवेज पुत्र इरशाद निवासी नीमका थाना बिछौर जिला नूंह के रूप में हुई। तीनों आरोपियों को नियमानुसार दिल्ली पुलिस के एसआई हरविंदर, थाना डी.बी.जी. रोड को सौंप दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि यह कार्रवाई पुलिस विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग का परिणाम है। नूंह जिला पुलिस ने दिल्ली पुलिस को आवश्यक सहयोग प्रदान कर अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की । पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और अंतरराज्यीय मामलों में त्वरित कार्रवाई के लिए आपसी तालमेल अत्यंत महत्वपूर्ण है। भविष्य में भी इस प्रकार का सहयोग जारी रहेगा ताकि अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।