Edited By Pawan Kumar Sethi, Updated: 13 Jun, 2026 07:28 PM

हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में 7 जून से 20 जून, 2026 तक व्यापक जनजागरण एवं प्रचार अभियान चलाया जा रहा है।
गुड़गांव, (ब्यूरो): हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में 7 जून से 20 जून, 2026 तक व्यापक जनजागरण एवं प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रोजगार विभाग द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा विभिन्न स्वरोजगार एवं कौशल विकास योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
मंडल रोजगार कार्यालय, गुरुग्राम तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के संयुक्त तत्वावधान में 15 जून, 2026 को प्रातः 9 बजे राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सोहना परिसर तथा 16 जून, 2026 को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, गुरुग्राम परिसर में रोजगार मेले आयोजित किए जाएंगे। इन मेलों में निजी क्षेत्र की 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेलों में 10वीं, 12वीं, स्नातक, स्नातकोत्तर, आईटीआई एवं डिप्लोमा उत्तीर्ण बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार, व्यावसायिक मार्गदर्शन तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम एवं सोहना, रुडसेट, एमएसएमई विभाग तथा वित्तीय साक्षरता से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को काउंसलिंग, उद्यमिता विकास, स्वरोजगार और पीएम विकसित भारत विकास योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी अवगत कराया जाएगा। रोजगार विभाग ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अपने रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड, शैक्षणिक योग्यता संबंधी दस्तावेज तथा बायोडाटा साथ लेकर आएं, ताकि वे रोजगार मेले का अधिकतम लाभ उठा सकें।